विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम में तीन महीने से लापता बुजुर्ग का मिला कंकाल, बैग में मिली बेटे की तस्वीर और डायरी से हुई पहचान

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:46 PM (GMT+05:30)

पश्चिमी सिंहभूम के बड़ाजामदा में तीन महीने से लापता 70 वर्षीय धनंजय आपट का नरकंकाल झाड़ियों से बरामद हुआ। बैग ...और पढ़ें

तीन महीने से लापता बुजुर्ग का मिला कंकाल (सौ. जागरण)

तीन महीने से लापता बुजुर्ग का मिला कंकाल (सौ. जागरण)

HighLights

  1. बड़ाजामदा में तीन महीने से लापता बुजुर्ग का कंकाल मिला।

  2. बैग में मिली चीजों से परिजनों ने कंकाल की पहचान की।

  3. पुलिस ने नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा।

संवाद सूत्र, नोवामुंडी (पश्चिमी सिंहभूम)। बड़ाजामदा पुलिस ने मंगलवार दोपहर सेंट्रल अस्पताल चौक के समीप पुराने लकड़ी डिपो के पास झाड़ियों से एक नरकंकाल बरामद किया। पुलिस ने कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। 

परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मृतक की पहचान पंडराशाली गांव निवासी धनंजय आपट (70 वर्ष) के रूप में की गई है। कंकाल की पहचान घटनास्थल से मिले बैग, कपड़े, दवाइयां, डायरी और मृतक के छोटे बेटे चंद्रकांत आपट की तस्वीर के आधार पर परिजनों ने की। 

30 अगस्त की रात से थे लापता

मृतक के पुत्र श्रीबाचो आपट ने बताया कि उनके पिता पहले बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग में एक ठेकेदार के अधीन मुंशी का काम करते थे। काम छूटने के बाद वे पंजिका (पंचांग) के माध्यम से भविष्य की गणना किया करते थे। 

श्रीबाचो के अनुसार, उनके पिता 30 अगस्त की आधी रात को घर से बिना किसी को बताए निकल गए थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लंबे समय तक तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चलने पर परिवार निराश हो गया था।

झाड़ी में हड्डियां देखकर मची सनसनी

मंगलवार को किसी व्यक्ति की नजर झाड़ियों के बीच पड़ी हड्डियों पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर श्रीबाचो आपट अपने छोटे भाई चंद्रकांत आपट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां नरकंकाल के पास एक बैग और गमछा पड़ा हुआ था। 

बैग में रखे कपड़े, दवाइयां, डायरी और चंद्रकांत की तस्वीर देखकर परिजनों ने कंकाल की पहचान अपने पिता के रूप में की। श्रीबाचो ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। इसी कारण वे 30 अगस्त की आधी रात को घर से निकल गए थे और फिर वापस नहीं लौटे। 

सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। करीब तीन महीने से लापता वृद्ध का नरकंकाल मिलने की खबर से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- चाईबासा में उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के बहाने घर आता था मौलवी, विधवा महिला को झांसे में लेकर ठगे 15 लाख रुपये


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।