विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाईबासा में उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के बहाने घर आता था मौलवी, विधवा महिला को झांसे में लेकर ठगे 15 लाख रुपये

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:42 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में एक मौलवी हाफिज रमीज असलम को विधवा महिला से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

महिला को झांसे में लेकर ठगे 15 लाख रुपये (एआई जेनरेटेड तस्वीर )

महिला को झांसे में लेकर ठगे 15 लाख रुपये (एआई जेनरेटेड तस्वीर )

HighLights

  1. मौलवी हाफिज रमीज असलम चाईबासा में गिरफ्तार।

  2. विधवा महिला से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी।

  3. उर्दू पढ़ाने, झाड़-फूंक के बहाने ठगे पैसे।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में विधवा महिला से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में सदर थाना पुलिस ने मौलवी हाफिज रमीज असलम को गिरफ्तार किया है। बीते शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वह शहर के बड़ी बाजार स्थित हिंद चौक का निवासी है। 

सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी के अनुसार, झींकपानी प्रखंड में कार्यरत पीड़िता अमीना बानू के लिखित बयान पर पांच मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

जमीन दिलाने का वादा कर लिए 5 लाख

शिकायत के मुताबिक, आरोपित बच्चों को उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के सिलसिले में पीड़िता के घर आता था। इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने अलग-अलग बहाने से रुपये लिए। 

पीड़िता ने बताया कि 10 फरवरी 2023 को जमीन दिलाने का वादा कर आरोपित ने उनसे 5 लाख 50 हजार रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये मूल्य की सोने की एक जोड़ी झुमकी ली। बाद में बैंक से लोन लेने पर गाड़ी दिलाने का झांसा देकर उसने 9 लाख 50 हजार रुपये और ले लिए। 

आरोपित ने लोन की मासिक किस्त और ब्याज चुकाने का भरोसा दिया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। बैंक अब पीड़िता के वेतन से किस्त काट रहा है। 

शिकायत के अनुसार, रुपये लौटाने या जमीन और गाड़ी देने की मांग पर आरोपित टालमटोल करता रहा। समाधान नहीं मिलने पर महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें- '2 दिन में लेवी दो, वरना...', पश्चिमी सिंहभूम में PLFI की दहशत, दिनदहाड़े ग्रेडर पर छिड़का पेट्रोल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।