झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड में बेपटरी हुए मालगाड़ी के 3 वैगन, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल; ट्रेनों पर असर नहीं
झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड में रविवार शाम एक मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए, जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतरे। (जागरण)
HighLights
झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड में मालगाड़ी के तीन वैगन बेपटरी हुए।
घटना दक्षिण पूर्व रेलवे जीएम के निरीक्षण से ठीक पहले हुई।
मुख्य रेल लाइन पर परिचालन सामान्य रहा, बहाली कार्य पूरा।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में रेल हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार शाम झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड की लाइन संख्या-07 पर मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए।
शाम करीब 6:30 बजे हुई इस दुर्घटना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बहाली कार्य शुरू कराया।
संयोग से यह हादसा दक्षिण पूर्व रेलवे के जनरल मैनेजर अनिल कुमार जैन के निरीक्षण दौरे से ठीक एक दिन पहले हुआ। ऐसे में जीएम के आगमन से पहले हुई दुर्घटना ने रेल मंडल की परिचालन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रेलवे की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, मालगाड़ी संख्या N/MGMT एमसीएल ब्लॉक केबिन से झारसुगुड़ा रिलीफ यार्ड की ओर आ रही थी।
इसी दौरान इंजन से 18वें, 19वें और 20वें नंबर के तीन वैगन पटरी से उतर गए। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
रेलवे के अनुसार, हादसे का असर मुख्य रेल लाइन पर नहीं पड़ा और ट्रेनों का परिचालन सामान्य रहा। बेपटरी तीनों वैगनों को अलग-अलग चरणों में पटरी पर चढ़ाया गया।
सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे बहाली कार्य पूरा हुआ। घटनास्थल पर चक्रधरपुर रेल मंडल के एडीआरएम, सीनियर डीएमई और सीनियर डीईएन ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- आद्रा रेल मंडल में मेगा ब्लॉक: 24 से 29 नवंबर तक 10 ट्रेनें रद, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का बदला रूट