विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम: पेंशन दिलाने के बहाने ले गया था गांव का युवक, 10 दिन बाद झाड़ियों में मिली महिला की सड़ी-गली लाश

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:11 PM (GMT+05:30)

जगन्नाथपुर में 10 दिन से लापता करीब 50 वर्षीय महिला सुखमती ठठेरा का सड़ा-गला शव झाड़ी से मिला। परिजनों ने गांव के ही दशरथ पर पेंशन दिलाने के बहाने ले जाकर हत्या करने का संदेह जताया है, पुलिस जांच कर रही है।

झाड़ियों में मिली महिला की सड़ी-गली लाश (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

झाड़ियों में मिली महिला की सड़ी-गली लाश (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. 50 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव झाड़ी से बरामद।

  2. पेंशन दिलाने के बहाने गांव का व्यक्ति ले गया था।

  3. परिजनों ने हत्या का संदेह जताया, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर(पश्चिमी सिंहभूम)। पेंशन दिलाने का झांसा देकर घर से ले जाई गई करीब 50 वर्षीय महिला का शव शुक्रवार को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के करंजिया गांव में एक खेत के सामने झाड़ी से बरामद किया गया। महिला पिछले 10 दिनों से लापता थी। शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने शव की पहचान सुखमती ठठेरा के रूप में की है।

मृतका कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कुश्मिता पंचायत अंतर्गत गांगपुर गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, बीते 18 नवंबर की दोपहर गांव का ही दशरथ नामक व्यक्ति उसके घर आया था। उसने सुखमती को पेंशन दिलाने का भरोसा दिया और अपने साथ ले गया। इसके बाद से महिला घर नहीं लौटी। 

परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अंततः परिजनों ने कुमारडुंगी थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

झाड़ी में महिला का शव मिलने की सूचना

शुक्रवार को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के करंजिया गांव में खेत के सामने झाड़ी में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान सुखमती ठठेरा के रूप में की। 

मृतका के गांव से शव मिलने का स्थान करीब आठ किलोमीटर दूर है। शव की हालत काफी खराब होने के कारण पोस्टमार्टम को लेकर उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं

इधर, मृतका के पति सुखराम ठठेरा ने गांव के ही दशरथ नामक व्यक्ति पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि वही व्यक्ति पेंशन दिलाने का झांसा देकर उनकी पत्नी को घर से ले गया था। हालांकि, महिला की हत्या किए जाने और इसमें किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल जगन्नाथपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद गांगपुर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- सोनुआ शराब दुकान चोरी कांड का खुलासा, कार से आए 3 शातिर गिरफ्तार; 211 बोतल शराब और बोल्ट कटर बरामद


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।