विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक संचालन को मिली लाइसेंस की मंजूरी, शहर की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:49 PM (IST)

चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को ब्लड बैंक संचालन का लाइसेंस मिल गया है, जिससे शहर की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। 

चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को ब्लड बैंक संचालन का मिला लाइसेंस। (जागरण)

चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को ब्लड बैंक संचालन का मिला लाइसेंस। (जागरण)

HighLights

  1. चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल को ब्लड बैंक संचालन का लाइसेंस मिला।

  2. यह वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई, मरीजों को मिलेगी राहत।

  3. विधायक निधि और सीएमएस के प्रयासों से मिली सफलता।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक संचालन को लाइसेंस की स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही शहर की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।

अब तक स्थानीय स्तर पर ब्लड बैंक नहीं होने से मरीजों को जरूरत के समय रक्त की व्यवस्था के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था।

रेलवे अस्पताल को मिली इस स्वीकृति से रेलकर्मियों, उनके परिजनों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।ब्लड बैंक की स्थापना के लिए रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एसके मिश्रा लगातार प्रयासरत थे।

अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में उन्होंने इस मांग को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया। उनके प्रयासों को आखिरकार सफलता मिली और अस्पताल को ब्लड बैंक संचालन के लिए लाइसेंस की मंजूरी मिल गई।

इस पहल में चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने ब्लड बैंक के लिए 2022 में ही 24 लाख रुपये विधायक निधि से रेलवे अस्पताल को प्रदान किया था। वहीं डीआरएम का भी सहयोग रहा।

मेंस कांग्रेस वर्ष 2021 से मंडल पीएनएम की बैठकों में लगातार ब्लड बैंक की मांग उठाती रही है। संगठन ने रेलवे अस्पताल में इस सुविधा की जरूरत को लेकर रेल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था।

ब्लड बैंक शुरू होने से अस्पताल में ऑपरेशन और अन्य शल्य चिकित्सा के दौरान रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। दुर्घटनाओं में घायल मरीजों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भी आपात स्थिति में रक्त के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इससे समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी।

रक्तदान के प्रति खासा उत्साह

गौरतलब है कि चक्रधरपुर में रक्तदान के प्रति लोगों में खासा उत्साह है। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं और बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं।

इसके बावजूद ब्लड बैंक की सुविधा नहीं होने से रक्त के संग्रहण और जरूरतमंदों को उपलब्ध कराने में परेशानी होती थी। ऐसे में रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक को लाइसेंस मिलना शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस उपलब्धि पर रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। मेंस कांग्रेस के शशि मिश्रा ने विधायक सुखराम उरांव, जिला प्रशासन, रेल प्रशासन और इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

यह भी पढ़ें- VB-G RAM-G मिशन से चमकेगा ग्रामीण झारखंड: जमशेदपुर में रोजगार सृजन अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा रथ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।