पावर बैंक ब्लास्ट के बाद रेलवे का बड़ा फैसला: रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे ट्रेनों में चार्जिंग पॉइंट
बंडामुंडा के पास मुंबई-हावड़ा मेल में पावर बैंक फटने के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है।

अब रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के सभी कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे।
HighLights
मुंबई-हावड़ा मेल में पावर बैंक फटा।
चक्रधरपुर मंडल ने रात में चार्जिंग बंद की।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया गया निर्णय।
रूपेश कुमार विक्की, चक्रधरपुर । बंडामुंडा के पास शनिवार रात मुंबई-हावड़ा मेल के कोच में पावर बैंक फटने की घटना के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है।
मंडल रेल प्रशासन ने रात के समय ट्रेनों के सभी कोच में लगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का आदेश जारी किया है। नए निर्देश के अनुसार, रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे।
इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि मंडल के संबंधित स्टेशनों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि मुंबई मेल एक्सप्रेस में एक यात्री ने पावर बैंक को चार्जिंग पॉइंट से जोड़ रखा था। इसी दौरान अचानक पावर बैंक में विस्फोट हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंडल रेल प्रशासन ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाले ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रात में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्णय लिया है।
बाल-बाल बचे कोच में सफर कर रहे यात्री
शनिवार रात हुई इस घटना से कोच में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम और वाणिज्य विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
राउरकेला के आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त एमके खान के अनुसार, टीम ने सावधानीपूर्वक स्थिति को संभाला। जिस यात्री का पावर बैंक फटा था, उसे आगे की यात्रा के लिए दूसरा बर्थ उपलब्ध कराया गया।
अब रात में नहीं कर सकेंगे मोबाइल चार्ज
पावर बैंक में विस्फोट की घटना ने ट्रेन के कोच में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े किए हैं।
रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए रात के छह घंटे चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन में मोबाइल फोन और अन्य उपकरण चार्ज करने की सुविधा नहीं मिलेगी।
रेलवे के इस फैसले का उद्देश्य ऐसी घटनाओं की आशंका को कम करना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन में पावर बैंक में ब्लास्ट से मचा हड़कंप: मुंबई-हावड़ा मेल में बजा फायर अलार्म, 15 मिनट रुकी रही ट्रेन
यह भी पढ़ें- फ्रिज में धमाके के बाद लगी आग, दिल्ली पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
