विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन में पावर बैंक में ब्लास्ट से मचा हड़कंप: मुंबई-हावड़ा मेल में बजा फायर अलार्म, 15 मिनट रुकी रही ट्रेन

By Rupesh kumar VickeyEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Sat, 24 Oct 2026 07:16 PM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2026 07:36 PM (IST)

मुंबई-हावड़ा मेल के बी-3 कोच में एक यात्री के पावर बैंक में विस्फोट होने से आग लग गई और धुआं ...और पढ़ें

रेलवे अधिकारियों और टीटीआई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित यात्री को सुरक्षित स्थान और दूसरा बर्थ उपलब्ध कराया।

रेलवे अधिकारियों और टीटीआई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित यात्री को सुरक्षित स्थान और दूसरा बर्थ उपलब्ध कराया।

HighLights

  1. मुंबई-हावड़ा मेल के बी-3 कोच में पावर बैंक फटा।

  2. विस्फोट से आग लगी, धुआं भरा और फायर अलार्म बजा।

  3. ट्रेन 15 मिनट रुकी, यात्री को सुरक्षित दूसरी बर्थ मिली।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर । मुंबई-हावड़ा मेल में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रेन के बी-3 कोच में एक यात्री के पावर बैंक में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई और पूरे कोच में धुआं भर गया। 
 
धुएं के कारण कोच में लगा ऑटोमैटिक फायर अलार्म सिस्टम सक्रिय हो गया, जिसके बाद एहतियातन ट्रेन को रोकना पड़ा। तड़के हुई इस घटना से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।
 
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12809 डाउन मुंबई-हावड़ा मेल शनिवार सुबह बंडामुंडा इलेक्ट्रिक शेड के पास (डाउन लाइन, किलोमीटर संख्या 408/26) सुबह 3:38 बजे पहुंची थी। 
 
इसी दौरान बी-3 कोच की बर्थ संख्या 6 पर रखे एक यात्री के पावर बैंक में अचानक ब्लास्ट हो गया। धुएं के साथ अलार्म बजते ही ऑन-ड्यूटी रेलवे स्टाफ तुरंत हरकत में आया। 
 
जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि अलार्म चेन पुलिंग नहीं हुई थी, बल्कि धुएं के संपर्क में आते ही अलार्म बजा था। स्थिति पर तुरंत काबू पाने के बाद ट्रेन को सुबह 3:53 बजे (15 मिनट की रोक के बाद) हावड़ा के लिए रवाना कर दिया गया।
 
रेलवे अधिकारियों और टीटीआई (TTI) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित यात्री को सुरक्षित स्थान और दूसरा बर्थ उपलब्ध कराया।
 
ट्रेनों में सफर के दौरान मोबाइल, पावर बैंक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अत्यधिक इस्तेमाल के बीच सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 
 
विशेषज्ञों के अनुसार खराब गुणवत्ता वाली बैटरी, ओवरहीटिंग या तकनीकी खराबी के कारण पावर बैंक में ब्लास्ट हो सकता है। 
 
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान केवल मानक गुणवत्ता वाले उपकरणों का ही प्रयोग करें और चार्जिंग के समय विशेष सतर्कता बरतें।