चाईबासा में नशे में धुत ट्रक ड्राइवर का कहर, कार को 50 मीटर तक घसीटा; दो होमगार्ड जवान गंभीर
चाईबासा में टाटा-चाईबासा नेशनल हाईवे-220 पर एक नशे में धुत ट्रक चालक ने कार को 50 मीटर तक घसीटा, जिससे दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

नशे में धुत ट्रक चालक का कहर
HighLights
नशे में धुत ट्रक चालक ने कार को 50 मीटर घसीटा।
दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा, पुलिस ने वाहन जब्त किए।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। टाटा-चाईबासा नेशनल हाईवे-220 पर आयता गांव के पास शुक्रवार को भीषण सड़क दुर्घटना में दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक ने पहले चाईबासा से जमशेदपुर जा रही कार को अपनी चपेट में लिया और करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ आगे बढ़ गया।
इस दौरान सड़क किनारे खड़े सरायकेला जिला के दो होमगार्ड जवान वीरेंद्र प्रधान और सुनील प्रधान भी ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक कार और एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार को जोरदार टक्कर मारी
जानकारी के अनुसार, कुजू की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक आयता गांव के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान उसने चाईबासा से जमशेदपुर जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से कार काफी दूर तक घिसटती चली गई।
पास में खड़े होमगार्ड जवान वीरेंद्र प्रधान और सुनील प्रधान भी इसकी चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़े। दोनों को कमर, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, कार में सवार बड़ी बाजार चाईबासा निवासी दानिश कमर एयरबैग खुल जाने के कारण बाल-बाल बच गए।
चालक नशे में पूरी तरह धुत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया। बताया गया कि चालक नशे में पूरी तरह धुत था और उसे ठीक से चलने-फिरने का भी होश नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल दोनों होमगार्ड जवानों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और मोटरसाइकिल को घटनास्थल से हटवाया तथा सभी संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर थाना ले गई।
कार में एयरबैग खुलने से चालक सुरक्षित
स्थानीय लोगों का कहना है कि आयता, बादुडी समेत आसपास के गांवों के पास आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इन हादसों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को हुई दुर्घटना भी बेहद भयावह थी।

गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में आने के बावजूद दोनों होमगार्ड जवानों की जान बच गई और कार में एयरबैग खुलने से चालक भी सुरक्षित रहा। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।