विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम में खेत में मिला मृत भालू अचानक हुआ गायब, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया वन विभाग

By Sudhir PandeyEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Thu, 12 Nov 2026 06:10 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के जैंतगढ़ में खेत में मिला एक मृत भालू रहस्यमय तरीके से गायब हो गया, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस जांच में जुट गई है।

घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां भालू का शव गायब मिला।

घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां भालू का शव गायब मिला।

HighLights

  1. जैंतगढ़ में खेत से मृत भालू का शव गायब हुआ।

  2. किसान ने बताया स्कूटी सवार युवक शव ले गया।

  3. वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत होगी सख्त कार्रवाई।

जासं, जैंतगढ़ । पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़ और छनपदा गांव के बीच एक अजीबोगरीब और रहस्यमय मामला सामने आया है। एनएच-75 (जैंतगढ़-चाईबासा मुख्य मार्ग) के किनारे खेत में मृत मिला एक भालू अचानक गायब हो गया। 
 
घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां भालू का शव गायब मिला। 
 

किसान ने किया बड़ा खुलासा 

अब वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से भालू के शव और उसे ले जाने वाले की तलाश में जुट गई है। खेत की मालकिन और स्थानीय किसान सुभाषिनी नायक ने इस मामले में अहम जानकारी दी है। 
 
उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब वह अपने खेत में धान काटने पहुंचीं, तो उन्होंने खेत में भालू का शव पड़ा देखा। 
 
इस बात की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते वहां भीड़ लग गई और लोग मृत भालू के साथ फोटो व वीडियो बनाने लगे।
 
सुभाषिनी नायक के मुताबिक, जब भीड़ कुछ कम हुई, तब एक युवक वहाँ आया और मृत भालू के शव को उठाकर अपनी स्कूटी पर लादकर छनपदा की ओर ले गया।
 

बाल और नाखून नोचने की भी चर्चा 

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर जुटी भीड़ में से कुछ लोग मृत भालू के बाल नोच रहे थे और उसके नाखून निकालने की कोशिश कर रहे थे। 
 
वहीं, कई लोग इस संवेदनशील स्थिति में भी वीडियो और तस्वीरें बनाने में व्यस्त थे। इसी अफरा-तफरी और भीड़भाड़ के बीच स्कूटी सवार युवक भालू के शव को लेकर फरार हो गया। 
 
किसान के इस खुलासे के बाद अब स्कूटी सवार युवक की पहचान करना जांच का सबसे अहम हिस्सा बन गया है।
 

वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई 

घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास ने मामले का संज्ञान लिया। जैंतगढ़ ओपी प्रभारी एएसआई एसारुल हक और वन विभाग के कर्मी साधुचरण बोईपाई अपनी-अपनी टीमों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
 
वन विभाग ने कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि जाँच में यह साबित होता है कि किसी व्यक्ति ने मृत भालू के बाल, नाखून, शरीर के अन्य अंग या मांस निकाले हैं, तो उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम (Wildlife Protection Act) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

जांच के केंद्र में स्कूटी सवार युवक 

फिलहाल इस घटना को लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं- जैसे कि भालू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव कौन और क्यों ले गया? 
 
किसान सुभाषिनी नायक के बयान के आधार पर पुलिस और वन विभाग अब उस स्कूटी सवार युवक की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जाँच पूरी होने के बाद ही भालू की मौत और शव के गायब होने के इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।