पश्चिमी सिंहभूम में 15 ग्राम रोजगार सेवक बर्खास्त, ग्रामीण विकास में लापरवाही पर एक्शन
पश्चिमी सिंहभूम जिले में ग्रामीण विकास कार्यों में लापरवाही, अनुपस्थिति और लक्ष्य पूरे न करने के कारण 15 ग्राम रोजगार सेवकों की सेवा समाप्त कर दी गई है।
-1792573367155_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पश्चिमी सिंहभूम में 15 ग्राम रोजगार सेवक बर्खास्त।
लापरवाही, अनुपस्थिति और लक्ष्य पूरे न करने पर कार्रवाई।
प्रतीक्षा सूची से 15 नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति होगी।
संवाद सहयोगी, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में ग्रामीण विकास कार्यों में लापरवाही और लगातार अनुपस्थित रहने वाले 15 ग्राम रोजगार सेवकों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है।
कार्यस्थल पर अनुपस्थित रहने, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं करने और नियुक्ति के बाद योगदान नहीं देने के मामलों में इनकी सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।
इनके स्थान पर दिसंबर 2025 में तैयार प्रतीक्षा सूची से 15 नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। जिला प्रशासन ने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत ग्राम रोजगार सेवकों के कार्यों और प्रदर्शन की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया है।
प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के साथ ग्राम स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना है।
प्रशासन के अनुसार, दिसंबर 2025 में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए 23 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया था।
इनमें से छह ने नियुक्ति पत्र मिलने के बावजूद जिले में योगदान नहीं दिया। इसलिए उनकी सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
वहीं, विभिन्न प्रखंडों में पदस्थापित सात ग्राम रोजगार सेवक लगातार अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इनमें जगन्नाथपुर के एक, हाटगम्हरिया के दो, नोवामुंडी के एक, कुमारडुंगी के एक और टोंटो के दो ग्राम रोजगार सेवक शामिल हैं।
इसके अलावा सदर चाईबासा प्रखंड में पदस्थापित दो ग्राम रोजगार सेवकों के कार्यों की समीक्षा में निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर उन्हें भी हटाने का निर्णय लिया गया।
रिक्त पदों पर प्रतीक्षा सूची से 15 नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। उपायुक्त मनीष कुमार ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, लगातार अनुपस्थिति और जिम्मेदारियों के निर्वहन में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
