पश्विम सिंहभूम: ढाई साल की भांजी को मारकर नाले में फेंका, बदनामी के डर से मामा की खौफनाक करतूत
पश्चिमी सिंहभूम के नरसंडा गांव में ढाई साल की बच्ची की हत्या के आरोप में उसके मामा को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मामा ने ढाई साल की भांजी की हत्या की।
अवैध प्रेम संबंध छिपाने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
बच्ची का शव नरसंडा गांव के नाले से मिला।
जागरण संवाददाता, चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां ढाई साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके मामा को गिरफ्तार किया है। बच्ची का शव नरसंडा गांव के एक नाले से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बच्ची को नाले में धकेलने की बात स्वीकार की है। पुलिस को आशंका है कि परिवार से जुड़े एक अवैध प्रेम संबंध का राज छिपाने और सामाजिक बदनामी के डर से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची के जन्म को लेकर परिवार में विवादित प्रेम संबंध का मामला था।
बताया जाता है कि परिवार के रिश्तों के बीच विकसित हुए प्रेम संबंध से बच्ची का जन्म हुआ था। आरोपित मामा बच्ची को स्वीकार नहीं करना चाहता था।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इसी संबंध का राज सामने आने के डर से उसने बच्ची की हत्या की। फिलहाल पुलिस ने इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दुकान ले जाने के बहाने बच्ची को ले गया था
जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को बच्ची अपनी मां के साथ ओडिशा से नरसंडा गांव स्थित अपने मामा के घर आई थी। 11 नवंबर की सुबह आरोपित उसे दुकान ले जाने के बहाने अपने साथ घर से ले गया। इसके बाद बच्ची वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बच्ची को रास्ते में छोड़कर बाजार चला गया था। बाद में उसने बच्ची को अपने साथ ले जाने की बात से भी इनकार कर दिया।
पूछताछ में खुला राज, नाले से मिला शव
बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। 13 नवंबर को बच्ची के पिता दोबारा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर आरोपित को ताबमो से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बच्ची को नाले में धकेलने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर शुक्रवार शाम नरसंडा गांव के नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शनिवार को सदर अस्पताल चाईबासा में बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन बच्ची का शव लेकर ओडिशा स्थित अपने पैतृक गांव चले गए।
माता-पिता की इकलौती संतान की इस तरह मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद नरसंडा सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।