विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कॉलेज जाने के दौरान काल बनी लिफ्ट: NH-33 पर ट्रक ने बाइक को कुचला, पॉलिटेक्निक छात्र की मौत व दूसरा गंभीर

By Dilip KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Tue, 06 Oct 2026 12:53 PM (IST)

चांडिल में NH-33 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे एक छात्र की ट्रक की चपेट में ...और पढ़ें

NH-33 पर ट्रक ने बाइक को कुचला

NH-33 पर ट्रक ने बाइक को कुचला

HighLights

  1. NH-33 पर ट्रक की चपेट में आने से छात्र की मौत।

  2. चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे थे दोनों छात्र।

  3. एक दिन पहले हुई थी मृतक और घायल की दोस्ती।

जागरण संवाददाता, चांडिल। मंगलवार को दो युवक एक ही बाइक पर कॉलेज जा रहे थे। दोनों में दोस्ती को अभी एक दिन ही हुआ था। शायद उन्हें भी नहीं पता था कि यह दोस्ती इतनी छोटी और दर्दनाक कहानी बन जाएगी। 

टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर चांडिल गोलचक्कर के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास मंगलवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक पॉलिटेक्निक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। 

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस पहुंची और घायल युवक को तत्काल चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह भी गम्हरिया क्षेत्र का रहने वाला था।

एक दिन पहले हुई थी दोस्ती

घायल युवक की पहचान गम्हरिया शांतिनगर निवासी समीर दास के रूप में हुई है। समीर ने बताया कि मृतक से उसकी दोस्ती महज एक दिन पहले हुई थी। दोनों चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ते थे। मंगलवार को वह कॉलेज जाने के लिए निकला था। 

इसी दौरान बाइक से चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज का ही एक लड़का आता दिखाई दिया तो उसने लिफ्ट मांग लिया। दोनों एक ही बाइक से कॉलेज के लिए कॉलेज जा रहे थे। लेकिन गोलचक्कर के समीप ट्रक से हुई टक्कर ने एक युवक की जिंदगी छीन ली और दूसरे को अस्पताल पहुंचा दिया। 

विडंबना यह रही कि जिस दोस्त के साथ समीर कॉलेज जाने के लिए निकला था, हादसे के बाद वह उसका नाम और पता तक नहीं बता पा रहा है।

पुलिस कर रही मृतक की पहचान का प्रयास

चांडिल थाना प्रभारी संतान कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र हैं और एक ही बाइक से कॉलेज जा रहे थे। 

इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के सामने ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- सरायकेला पुलिस का मानवीय चेहरा: चोरी हुए इंजन को पटना से किया बरामद, लौटते वक्त जेब से दिए ₹10000