सड़क दुर्घटना में PDS डीलर की मौत के बाद खरसावां में दो घंटे चक्का जाम, ₹1 लाख मुआवजे पर सहमति
PDS डीलर करम सिंह बोदरा की सड़क हादसे में मौत के बाद खरसावां में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।

परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने खरसावां के केरसे मुंडा चौक पर बांस-बल्ले लगाकर सड़क जाम कर दिया।
HighLights
PDS डीलर की सड़क हादसे में हुई मौत।
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर किया सड़क जाम।
₹1 लाख मुआवजा और इलाज खर्च पर बनी सहमति।
जागरण संवाददाता, खरसावां। आमदा ओपी क्षेत्र के दलाईकेला पंचायत स्थित बनाईकेला चौक पर शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में जन वितरण प्रणाली (PDS) डीलर करम सिंह बोदरा (66) की मौत हो गई थी।
इस घटना के विरोध में और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने खरसावां के केरसे मुंडा चौक पर बांस-बल्ले लगाकर सड़क जाम कर दिया।
सरायकेला से पोस्टमार्टम के बाद शव के पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और वे सड़क पर उतर आए।
2 घंटे ठप रहा आवागमन, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम के कारण खरसावां क्षेत्र में करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही और यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही खरसावां सीओ कप्तान सिंकु, आमदा थाना प्रभारी राम रेखा पासवान, खरसावां थाना के एसआई संजीव कुमार सिंह व श्याम बाबू राठौर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के साथ वार्ता शुरू की।
₹1 लाख मुआवजा और इलाज के खर्च पर बनी सहमति
प्रशासनिक पहल के बाद दुर्घटना में शामिल ट्रक मालिक के साथ वार्ता हुई। ट्रक मालिक द्वारा पीड़ित परिवार को मुआवजे के रूप में ₹1 लाख देने पर सहमति बनी।
इसमें से ₹50 हजार की राशि परिजनों को तत्काल नकद दे दी गई, जबकि शेष ₹50 हजार तीन दिनों के भीतर देने का लिखित आश्वासन दिया गया।
इसके अलावा हादसे में घायल हुए मृतक के दो पोतों के इलाज का पूरा खर्च भी ट्रक मालिक द्वारा वहन करने पर सहमति बनी।
शव लेकर गांव लौटे परिजन, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त
मुआवजे और लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव को लेकर पैतृक गांव दलाईकेला के सत्तीकुदर के लिए रवाना हो गए।
दूसरी ओर, आमदा ओपी पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार डोर स्टेप डिलीवरी ट्रक और उसमें लदे सरकारी खाद्यान्न को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
