विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खरसावां में बेकाबू ट्रक ने बाइक को रौंदा, पीडीएस डीलर की मौत; दो पोते घायल

Published: Fri, 21 Aug 2026 11:25 PM (IST)

खरसावां के बनाईकेला चौक पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा की मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते गंभीर रूप से घायल हो गए।

सड़क दुर्घटना में मृत पीड़ीएस डीलर को देखने अस्‍पताल पहुंचे अंचलाधिकारी।

सड़क दुर्घटना में मृत पीड़ीएस डीलर को देखने अस्‍पताल पहुंचे अंचलाधिकारी।

HighLights

  1. उनके दो मासूम पोते गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी।

  2. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की।

संसू, खरसावां । आमदा ओपी क्षेत्र अंतर्गत दलाईकेला पंचायत के बनाईकेला चौक पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा (66) की मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम पोते गंभीर रूप से घायल हो गए। 
 
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खाद्यान्न लदा ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे पानी भरे खेत में जा पलटा। दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
 

अपनी ही दुकान का राशन ला रहे ट्रक ने मारी टक्कर

मृतक करम सिंह बोदरा दलाईकेला के शतीकुदर गांव के निवासी थे। शुक्रवार शाम वे अपने दो पोतों बिरेन सिंह बोदरा (10) और निखिल बोदरा (8) के साथ बाइक पर सवार होकर खरसावां से घर लौट रहे थे। 
 
इसी दौरान बनाईकेला चौक के पास पीछे से आ रहे खाद्यान्न लदे डोर स्टेप डिलीवरी ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। 
 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह ट्रक करम सिंह बोदरा की ही जन वितरण प्रणाली की दुकान के लिए खाद्यान्न ले जा रहा था।
 

अस्पताल में डीलर को मृत घोषित किया गया

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को खरसावां स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद करम सिंह बोदरा को मृत घोषित कर दिया। 
 
वहीं, घायल दोनों बच्चों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
 

मुआवजे की मांग पर अड़े आक्रोशित ग्रामीण

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डोर स्टेप डिलीवरी के ठेकेदार और ट्रक मालिक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। 
 
मामला बढ़ता देख खरसावां सीओ सह एमओ कप्तान सिंकू अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।
 

खेत में बिखरा और भीगा सरकारी चावल

टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खेत में जा गिरा, जिससे उसमें लदा कई क्विंटल चावल पानी में गिरकर खराब हो गया। 

आमदा ओपी पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।