झारखंड में कमजोर पड़ा अकवान, आज कुछ इलाकों में बारिश का अलर्ट; 24 नवंबर के बाद से बढ़ेगी ठंड
चक्रवात अकवान का असर झारखंड में कम हो रहा है, जिससे तीन दिनों की बेमौसम बारिश थमने वाली है।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर
HighLights
चक्रवात अकवान का असर झारखंड में अब कमजोर पड़ रहा है।
24 नवंबर के बाद से ठंड बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान गिरेगा।
बढ़ती ठंड से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अकवान के असर से कोल्हान सहित पूरे झारखंड में तीन दिनों से जारी बेमौसम बारिश और सर्द हवाओं का दौर अब थमने के कगार पर है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में सुबह गहरा कोहरा छाया रहेगा। दिनभर आसमान में बादल रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा तथा मेघगर्जन होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आएगी। 24 नवंबर को सुबह कुछ इलाकों में कोहरा रह सकता है, लेकिन इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा।
मौसम में सुधार के साथ ही रात का तापमान गिरने की संभावना है। अनुमान है कि दिन का तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
चक्रवात अकवान के प्रभाव से झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में 20–21 नवंबर को भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी दी गई थी।
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित कोल्हान प्रमंडल के कई इलाकों में लोगों को लगातार बारिश और ठंडी हवा का सामना करना पड़ा।
स्वास्थ्य पर पडेगा असर
तीन दिनों की बारिश के बाद अचानक आसमान साफ होने और न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड और बढ़ने की आशंका है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के बाद नमी और सर्द हवाओं के कारण वायरल फीवर, सर्दी, जुकाम, खांसी तथा गले में खराश के मामले बढ़ सकते हैं।
बच्चे, बुजुर्ग और पहले से श्वसन संबंधी समस्या से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। नगरवासियों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, सिर और सीने को ढकने तथा भीगे कपड़ों में लंबे समय तक न रहने की सलाह दी जाती है।
बुखार, गले में दर्द या लगातार खांसी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श करना उचित रहेगा।
यात्रा में सावधानी जरूरी
कोहरे और गीली सड़कों के कारण सुबह के समय यातायात में देरी तथा दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का उपयोग करने और दूरी बनाए रखना जरुरी है।
चक्रवात के प्रभाव से रांची हवाई अड्डे पर भी कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं, इसलिए यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति की जांच जरूरी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर से मौसम साफ होने के बावजूद ठंड बढ़ेगी। लोगों को अगले कुछ दिनों तक सुबह के कोहरे, बढ़ती ठंड और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का ध्यान रखना होगा।
किस दिन कितना रहेगा न्यूनतम तापमान
23 नवंबर : 18 डिग्री सेल्सियस
24 नवंबर : 17 डिग्री सेल्सियस
25 नवंबर : 15 डिग्री सेल्सियस
26 नवंबर : 13 डिग्री सेल्सियस
यह भी पढ़ें- Weather Update: झारखंड में चक्रवात 'अकवान' का असर, रांची में बारिश और ठंड का अलर्ट