विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update: झारखंड में चक्रवात 'अकवान' का असर, रांची में बारिश और ठंड का अलर्ट

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

झारखंड की राजधानी रांची में चक्रवात अकवान के प्रभाव से शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई, जिससे ठंड बढ़ गई। 

पथरगामा में रिमझिम बारिश। जागरण

पथरगामा में रिमझिम बारिश। जागरण

HighLights

  1. चक्रवात अकवान के कारण रांची में दिनभर बूंदाबांदी और ठंड बढ़ी।

  2. अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

  3. 23 नवंबर के बाद मौसम साफ होने की संभावना, बारिश का अलर्ट।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को चक्रवात अकवान का असर देखने को मिला। चक्रवात के कारण सुबह से लेकर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।

सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए।बारिश और ठंडी हवाओं के कारण शहर में कनकनी बढ़ गई।

अधिकतम तापमान में सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। ठंड का असर ऐसा रहा कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक आवाजाही कम रही और कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि शनिवार को करीब 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है।

वहीं, न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।

जलजमाव से राहगीरों को हुई परेशानी

दिनभर हुई बूंदाबांदी का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। कई प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों में पानी जमा होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई।

बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गईं। वहीं, कोहरे और बादलों के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही। वाहन चालकों को सावधानी से आवाजाही करनी पड़ी।

बाजारों में भी आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही। फुटपाथ दुकानदारों और ठेला-खोमचा लगाने वालों का कारोबार प्रभावित हुआ। मौसम खराब रहने के कारण कई लोगों ने घरों में रहें।

कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिमी बारिश

झारखंड के अन्य जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार कोडरमा में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

हजारीबाग में 12.5, दुमका में 4.5, लातेहार में 4, देवघर में 2, खूंटी में 1.5 और सरायकेला में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

23 नवंबर के बाद मौसम साफ होने के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है।

साेमवार को दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने का अनुमान है।

रांची में 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने की संभावना है। 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 15 डिग्री तक पहुंच सकता है।

वहीं, 24 और 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 13 और 12 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

यह भी पढ़ें- बैल खरीदने के लिए ₹36000 देगी झारखंड सरकार, छोटे किसानों को मिलेगा योजना का लाभ 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।