सरायकेला में ED की बड़ी कार्रवाई, कोऑपरेटिव बैंक घोटाले में ठेकेदार संजय डालमिया के ठिकानों पर छापेमारी
ईडी ने झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में सरायकेला में बड़ी कार्रवाई की है। ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर ...और पढ़ें

कोऑपरेटिव बैंक घोटाले में ठेकेदार संजय डालमिया के ठिकानों पर छापेमारी
HighLights
ईडी ने सरायकेला में ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर छापेमारी की।
यह कार्रवाई झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले से संबंधित है।
35 करोड़ रुपये के लोन वापसी न करने की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार सुबह सरायकेला में बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी की टीम ने ठेकेदार संजय डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम सुबह तीन वाहनों में पहुंची और घर को अपने कब्जे में लेकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम द्वारा घर के विभिन्न हिस्सों में रखे दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य सामानों की जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई थी।
मिलीभगत कर बैंक को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान
यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये का लोन लेकर उसकी वापसी नहीं करने से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। जांच में सामने आया है कि कारोबारी संजय कुमार डालमिया ने बैंक के तत्कालीन अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर बैंक को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जा रहा है कि लोन मामले पर कारोबारी संजय डालमिया वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।
