विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अगर अटल जी नहीं होते तो...', सरायकेला में गरजे चंपई सोरेन; कांग्रेस को बताया 'आदिवासियों का हत्यारा'

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:53 AM (IST)

झारखंड स्थापना दिवस पर चंपई सोरेन ने भाजपा को राज्य गठन का श्रेय दिया और कांग्रेस पर आदिवासियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

झारखंड भाजपा की देन, कांग्रेस ने आदिवासियों को किया प्रताड़ित: चंपई सोरेन

झारखंड भाजपा की देन, कांग्रेस ने आदिवासियों को किया प्रताड़ित: चंपई सोरेन

HighLights

  1. चंपई सोरेन ने भाजपा को झारखंड राज्य गठन का श्रेय दिया।

  2. कांग्रेस पर आदिवासियों को प्रताड़ित करने और आंदोलन कुचलने का आरोप।

  3. वर्तमान राज्य सरकार पर शहीदों के वंशजों को प्रताड़ित करने का आरोप।

जागरण संवाददाता, सरायकेला। 'झारखंड स्थापना दिवस' पर सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) ने सरायकेला के बिरसा चौक स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूरा देश धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मना रहा है। आज ही के दिन झारखंड अलग राज्य पर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने मुहर लगाई थी।

चंपई सोरेन ने कहा कि चुनाव के समय अटल बिहारी बाजपेई ने कहा था कि आप हमको सरकार बनाने दीजिए, आपका झारखंड हम देंगे। 1989 से ही भाजपा ने झारखंड आंदोलन को नजदीक से समझा। यहां के आदिवासी और मूलवासी की भावना को सुना।

चंपई ने कहा कि भाजपा ही इस भावना को समझ सकती थी। कांग्रेस ने 55-60 साल तक राज किया, लेकिन आंदोलन को कुचलने का काम किया। अगर देश में केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं बनती तो शायद झारखंड अलग राज्य नहीं बनता।

उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए जितने आंदोलन में गोलीकांड हुए, चाहे गुआ गोलीकांड हो, सेरेनगदा गोलीकांड हो, ईचा गोलीकांड हो, सभी कांग्रेस के शासनकाल में हुए। कांग्रेस ने आदिवासियों को हमेशा कुचलने का काम किया है।

बकौल चंपई, भाजपा ने आदिवासियों के दर्द को समझा और उनका हक अलग झारखंड राज्य के रूप में उन्हें दे दिया। भाजपा के कारण ही आज हम लोग छाती ठोककर कह रहे हैं कि हमको अलग राज्य मिला है। कांग्रेस ने 55 से 60 साल देश पर राज किया, लेकिन आदिवासियों की भावनाओं को नहीं समझा।

उन्होंने कहा कि झारखंड के कई वीर शहीदों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपने प्राणों की आहुति दे दी। आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में शासन किया, लेकिन अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले झारखंड के वीर शहीदों को इतिहास में कोई जगह नहीं दी।

उन्होंने कहा कि बीते बारह साल में जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, तब से झारखंड के वीर शहीदों को इतिहास के पन्नों में जगह मिली है, जिसको पढ़कर हमारी आने वाली पीढ़ी अपने शहीदों के बारे में जान सकेगी।

सोरेन ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार ने झारखंड के शहीदों को सम्मान देना तो दूर की बात, बल्कि शहीदों के वंशजों को भी नहीं बख्शा। उन्हें प्रताड़ित करने का काम किया और उनकी हत्या जैसे कुकृत्य में शामिल है।

उन्होंने कहा कि सिदो कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू जब जमीन बचाने के लिए आवाज उठाए तो उनकी हत्या हो गई, लेकिन सरकार ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया।

उन्होंने निशा भगत मामले पर सीबीआई जांच के सरकार के फैसले पर कहा कि सरकार को रामेश्वर मुर्मू, सूर्या हांसदा जैसे दर्जनों आदिवासी, जिनको जमीन बचाने की लड़ाई में हत्या कर दी गई, उन मामलों पर भी जांच करानी चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस विधायक पर लगे दुष्कर्म के आरोप पर कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार में महिला सुरक्षित नहीं है। यहां की पुलिस थाना में महिला के साथ दुष्कर्म कर रही है। शिकायत लेकर महिलाएं कहां जाएंगी।

मौके पर जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा व विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य सहित दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- चंपाई सोरेन का विपक्ष पर बड़ा हमला: नेपाल-बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता पलटने की कोशिश, गांव-गांव पैदल मार्च करेगी बीजेपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।