विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंपाई सोरेन का विपक्ष पर बड़ा हमला: नेपाल-बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता पलटने की कोशिश, गांव-गांव पैदल मार्च करेगी बीजेपी

Published: Tue, 03 Nov 2026 06:48 PM (IST)

चंपाई सोरेन ने चाईबासा में विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने और नेपाल-बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की साजिश ...और पढ़ें

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने चाईबासा में एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने चाईबासा में एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

HighLights

  1. चंपाई सोरेन ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने, सत्ता पलटने का आरोप लगाया।

  2. भाजपा 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान चलाएगी, गांव-गांव पैदल मार्च करेगी।

  3. SIR प्रक्रिया नियमित, बाहरी घुसपैठियों के नाम हटाने में सहायक बताई गई।

जासं, चाईबासा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य और देश भर में विपक्ष के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने जा रही है।
 
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने चाईबासा में एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर देश में अराजकता फैलाने तथा नेपाल व बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। 
 
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं का मौजूदा रवैया पूरी तरह से लोकतंत्र के खिलाफ है और मॉक संसद के जरिए सरकार के विरोध में माहौल बनाकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है।
 

SIR को बताया नियमित और जरूरी प्रक्रिया 

SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर बात करते हुए चंपाई सोरेन ने स्पष्ट किया कि यह कोई नई या असाधारण प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश में नियमित अंतराल पर होने वाली व्यवस्था है। 
 
उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 में भी यह प्रक्रिया हुई थी और अब 2026 में इसे फिर कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे किसी भी आम भारतीय नागरिक का नाम नहीं काटा जाएगा। 
 
बल्कि पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे राज्यों में इस प्रक्रिया के माध्यम से बाहरी लोगों और बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम सूची से हटाए गए हैं।
 

गांव-गांव चलेगा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान 

विपक्ष की गतिविधियों का मुकाबला करने के लिए भाजपा अब जमीनी स्तर पर उतरने की तैयारी में है। पूर्व सीएम ने घोषणा की कि बीजेपी राज्यभर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत गांव-गांव पैदल मार्च निकालेगी। 
 
इस अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के कथित गलत मंसूबों और विपक्षी दलों की देशविरोधी गतिविधियों से आम जनता को अवगत कराया जाएगा। 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से बाहरी ताकतों के सहारे काम करती रही है और आज भी देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
 

जनता ने नकारा, अब भ्रम फैला रहा विपक्ष 

जब उनसे यह सवाल किया गया कि केंद्र में भाजपा सरकार होने के बावजूद विपक्ष के खिलाफ सीधी कार्रवाई क्यों नहीं की जाती, तो उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को 70 साल तक मौका दिया था। 
 
आज उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल व मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों की जनता ने उन्हें नकार दिया है। अब वे फर्जी संसद और दुष्प्रचार के जरिए जनता को गुमराह करने में जुटे हैं।
 
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, सतीश पुरी और भूषण पाट पिंगुवा सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।