विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबगंज में फोरलेन NH-33 पर बनेगी 2 किमी लंबी डबल लेन सुरंग, मिट्टी जांच शुरू; झारखंड-बंगाल का सफर होगा रोमांचक

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:28 PM (IST)

झारखंड के साहिबगंज में फोरलेन NH-33 पर प्रस्तावित 2 किलोमीटर लंबी डबल लेन सुरंग के निर्माण के लिए मिट्टी जांच ...और पढ़ें

साहिबगंज में 2 किमी लंबी सुरंग का होगा निर्माण। (एआइ फोटो)

साहिबगंज में 2 किमी लंबी सुरंग का होगा निर्माण। (एआइ फोटो)

HighLights

  1. साहिबगंज में NH-33 पर 2 किमी लंबी डबल लेन सुरंग का निर्माण।

  2. अरुण स्वाइल लैब द्वारा सुरंग निर्माण के लिए मिट्टी जांच प्रक्रिया शुरू।

  3. परियोजना 2029 तक पूरी होगी, झारखंड-बंगाल यात्रा होगी सुगम।

जागरण संवाददाता, साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज में फोरलेन (एनएच 33) सड़क पर प्रस्तावित दो किलोमीटर लंबे सुरंग निर्माण के लिए मिट्टी जांच की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। मंगलवार को अरुण स्वाइल लैब प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ की टीम यहां पहुंची।

मंडरो प्रखंड के करम्बी व बेतौना मौजा में मिट्टी जांच के लिए कंपनी ने मशीन स्थापित की है। यहां ड्रिल कर पहाड़ के नीचे की मिट्टी का नमूना लिया जाएगा। कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि सुरंग के लिए करीब पांच जगह मिट्टी की जांच की जाएगी।

गौरतलब हो कि सुरंग के लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने की जिम्मेदारी रोडिक कोष्टा नामक कंपनी को सौंपी गयी है। इस साल के अंत तक डीपीआर बनने की उम्मीद है। इसके बाद तीसरे फेज में दो किलोमीटर सुरंग व करीब 12 किलाेमीटर सड़क का टेंडर होगा।

मार्च 2027 तक टेंडर होने की उम्मीद है। सुरंग निर्माण में कम से कम दो साल लगेंगे। यानी 2029 तक इस सड़क का निर्माण पूर्ण होगा और मिर्जाचौकी से फरक्का तक की निर्बाध यात्रा लोग कर सकेंगे।

तीसरे फेज में एनएच 33 को मल्टी माडल टर्मिनल से जोड़ने के लिए करीब दो किलोमीटर फोरलेन सड़क तथा पुराने एनएच 80 व रेलवे लाइन पर आरओबी का निर्माण भी कराया जाएगा।

साढ़े तीन हजार करोड़ से अधिक की परियोजना

462.2 किलोमीटर लंबे (अरवल-फरक्का) फोरलेन एनएच 33 का 81.73 किलाेमीटर हिस्सा झारखंड के साहिबगंज में आता है। पहले यह लंबाई 93 किलोमीटर थी लेकिन एनएचएआइ ने इसके एलाइनमेंट में बदलाव किया है जिस वजह से मिर्जाचौकी से फरक्का की दूरी अब मात्र 81.73 किलोमीटर रह गयी है।

तीन फेज में इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसपर साढ़े तीन हजार करोड़ से अधिक की लागत आने की उम्मीद है। प्रथम फेज में तालझारी के बांसकोला से उधवा के केलाबाड़ी तक 42.72 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसपर 1508 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

इसे व्यवसायिक संचालन के लिए खोलने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जा चुका है। दूसरे फेज में मिर्जाचौकी से गंगा पुल तथा केलाबाड़ी से फरक्का तक 24.88 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। 782.18 करोड़ में इसका टेंडर हुआ है। तीसरे फेज में सुरंग सहित 14.13 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना है।

दो लेन की होगी सुरंग

यहां बनने वाली सुरंग दो लेन की होगी। एक लेन की सुरंग में बगल से भी एक अतिरिक्त सुरंग का निर्माण कराना पड़ता है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना आदि होने पर बगल के सुरंग से वहां पहुंचा जा सके लेकिन दो लेन के सुरंग में इसकी जरूरत हीं होती है।

बीच-बीच में दोनों सुरंग कनेक्ट रहता है ताकि एक लेन में किसी प्रकार की समस्या होने पर दूसरे लेन के सुरंग से वहां पहुंचा जा सके। आधुनिक तकनीक से इस सुरंग का निर्माण कराया जाएगा।

सुरंग में रोशनी की भी व्यवस्था की जाएगी। फोरलेन सड़क भरतिया पेट्रोल पंप के पास साहिबगंज-गोविंदपुर रोड के उपर से गुजरेगी। हालांकि, वहां फोरलेन सड़क से साहिबगंज-गोविंदपुर रोड को भी कनेक्ट किया जाएगा। फोरलेन सड़क में तालझारी की ओर बढ़ने पर फोरलेन से एक और फोरलेन निकलेगी जो बंदरगाह तक जाएगी।

यह भी पढ़ें- साहिबगंज के एलडीएम प्रभु दयाल टोपनो का निधन, रांची के थे मूल निवासी

यह भी पढ़ें- अयोध्या में बढ़ेगा संजय भरतिया की कला का आकर्षण, राम कथा संग्रहालय में लगेगी तांबे की तारों से बनी कलाकृति