विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबगंज में हाइवा-टोटो की भीषण टक्कर, तीन की मौत, दो घायल

Published: Thu, 15 Oct 2026 09:49 PM (GMT+05:30)

Sahibganj News: पतना (साहिबगंज) में बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर हाइवा और टोटो की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।

हाइवा के चक्का के नीचे पड़ा टोटो। (फोटो जागरण)

हाइवा के चक्का के नीचे पड़ा टोटो। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. हाइवा-टोटो की टक्कर में तीन लोगों की मौत

  2. केशरो गांव के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

  3. दो लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

संवाद सहयोगी, पतना (साहिबगंज)। बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर रांगा थाना क्षेत्र के केशरो गांव के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार हाइवा और टोटो की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।

मृतकों की पहचान मोगलपाड़ा निवासी साहिल शेख (18) और कयूम खान (24) तथा धरमपुर निवासी किशोर साह (28) के रूप में हुई। घायलों में मोगलपाड़ा निवासी सूरज खान (19) और अहिल खान (13) शामिल हैं। टोटो में सवार पांचों लोग रांगा साप्ताहिक हटिया से फल-सब्जी बेचकर बरहड़वा लौट रहे थे।

केशरो के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने टोटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो चपटा होकर हाइवा के अगले पहिए में फंस गया और उसमें सवार लोग भी अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू कर रांगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और टोटो हाइवा के नीचे बुरी तरह फंसा होने के कारण बैक हो लोडर मंगवाई। हाइवा हटाने के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को बरहड़वा सीएचसी ले जाया गया।

वहां चिकित्सक सरिता टुडू ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान कयूम खान की मौत हो गई। साहिल शेख और किशोर साह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

उधर, पुलिस वाहन में फंसे शवों को निकालना चाहती थी लेकिन स्वजनों ने ऐसा करने से रोक दिया। समाचार लिखे जाने तक शव हाइवा में ही फंसा हुआ था। घटना स्थल पर कई थानों की पुलिस को भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- साहिबगंज में चोरों का दुस्साहस! केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा टीम के सदस्य के घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी

यह भी पढ़ें- इंटरनेट मीडिया पर परवान चढ़ा मूक-बधिर प्रेम, पंजाब से साहिबगंज पहुंचा प्रेमी; अब शादी के लिए मान-मनुहार