विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबगंज में गंगा का कटाव तेज, भागलपुर से आने वाली ट्रेनों का रूट बदला; ट्रैक से 20 मीटर दूर पानी

By PraEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Tue, 29 Sep 2026 07:04 PM (IST)

Eastern Railway News: गंगा नदी के तेज कटाव से साहिबगंज में रेलवे ट्रैक को खतरा उत्पन्न हो गया है, जिससे ...और पढ़ें

झुंझरी पुल के समीप ट्रैक की सुरक्षा के लिए गंगा किनारे मालगाड़ी से उतारी जा रही गिट्टी-पत्थर। (फोटो जागरण)

झुंझरी पुल के समीप ट्रैक की सुरक्षा के लिए गंगा किनारे मालगाड़ी से उतारी जा रही गिट्टी-पत्थर। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. गंगा नदी का कटाव साहिबगंज रेलवे ट्रैक के लिए खतरा।

  2. रेलवे ने तत्काल कटावरोधी और बचाव कार्य शुरू किया।

  3. कई यात्री ट्रेनें रद्द या मार्ग परिवर्तित की गईं।

संवाद सूत्र, तालझारी (साहिबगंज)। गंगा नदी का कटाव रेलवे ट्रैक के लिए खतरा बनता जा रहा है। Eastern Railway के Malda Division के बरहरवा-साहिबगंज रेलखंड पर महाराजपुर और सकरीगली के बीच झुंझरी पुल के समीप मंगलवार दोपहर अचानक कटाव तेज हो गया।

डाउन लाइन के पोल संख्या 219/32 के पास मिट्टी धंसने के बाद रेलवे ने तत्काल कटावरोधी और बचाव कार्य शुरू कर दिया। गंगा का पानी अब रेल पटरी से करीब 20 मीटर की दूरी तक पहुंच गया है।

स्थिति को देखते हुए साहिबगंज-रामपुरहाट डाउन पैसेंजर ट्रेन संख्या 63406 को रद्द कर दिया गया, जबकि जमालपुर-रामपुरहाट डाउन पैसेंजर ट्रेन संख्या 53408 को साहिबगंज तक ही चलाया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर गर्दी, बोल्डर, गिट्टी समेत अन्य सामग्री की मदद से कटाव को रोकने और धंसी मिट्टी की मरम्मत का काम शुरू किया। रेलवे प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर ट्रैक को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।

महाराजपुर स्टेशन प्रबंधक अमरजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर अचानक पोल संख्या 219/32 के समीप मिट्टी धंसने की सूचना मिली थी। इसकी जानकारी तत्काल रेल विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर बोल्डर, गर्दी और अन्य सामग्री डालकर धंसे हुए हिस्से की मरम्मत शुरू कर दी।

कटाव को देखते हुए रेलवे ने यात्री ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया। साहिबगंज से रामपुरहाट जाने वाली डाउन पैसेंजर ट्रेन संख्या 63406 को रद्द कर दिया गया। वहीं, जमालपुर से रामपुरहाट जाने वाली 53408 डाउन पैसेंजर ट्रेन को साहिबगंज स्टेशन तक ही रोक दिया गया।

इधर, शाम करीब पांच बजे साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर साहिबगंज से रामपुरहाट जाने वाली लोकल ट्रेन को रोक दिया गया। ट्रेन पकड़ने के लिए यात्री पहले ही स्टेशन पहुंच चुके थे, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन के रुके रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रेलवे प्रशासन की ओर से कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इधर, सूत्रों से बताया जा रहा है कि मालदा के एडीआरएम समेत अन्य रेल अधिकारी महाराजपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने की तैयारी में हैं।

बताया जा रहा है कि भागलपुर से साहिबगंज की ओर आने वाली सभी ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है। खबर लिखे जाने तक मालदा डिवीजन की ओर से कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी।

यह भी पढ़ें- साहिबगंज में फोरलेन NH-33 पर बनेगी 2 किमी लंबी डबल लेन सुरंग, मिट्टी जांच शुरू; झारखंड-बंगाल का सफर होगा रोमांचक

यह भी पढ़ें- Hemant Soren के बरहेट में SIR की पड़ताल, चुनाव आयोग के सचिव बोले- योग्य का नाम न छूटे, अपात्र न जुड़े