न जुबां की जरूरत, न शब्दों की दरकार, इशारों में हुआ प्यार; शादी के बंधन में बंधे रिंकी-भिंडर
Punjab Boy Jharkhand Girl Love Story: मूक-बधिर भिंडर सिंह और रिंकी उरांव की इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती शादी ...और पढ़ें

साहिबगंज जीआरपी मंदिर में पिंकी और भिंडर की शादी के मौके पर मौजूद दोनों के स्वजन। (फोटो जागरण)
HighLights
मूक-बधिर जोड़े की इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती।
पंजाब-झारखंड के परिवारों ने शादी को दी मंजूरी।
साहिबगंज जीआरपी मंदिर में धूमधाम से विवाह।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। Deaf Couple Marries in Sahibganj इंटरनेट मीडिया पर पंजाब के फरीदकोट जिले के मेहमुआना गांव के सुखदेव सिंह के बेटे भिंडर सिंह व झारखंड के साहिबगंज जिले के सकरीगली के सेवानिवृत शिक्षक विष्णुदेव उरांव की बेटी रिंकी उरांव के बीच हुई दोस्ती सुखद अंजाम तक पहुंच गयी।
शुक्रवार को दोनों के स्वजनों ने साहिबगंज जीआरपी थाने के मंदिर में दोनों की शादी धूमधाम से करा दी। इसके बाद सुखदेव सिंह अपनी बहू को लेकर यहां से रवाना हो गए। इस शादी में सुखदेव सिंह, उनकी पत्नी मंजीत कौर व बेटे पवनप्रीत सिंह के साथ-साथ लड़की पक्ष के लोग भी शामिल हुए।
गौरतलब हो कि भिंडर सिंह व रिंकी उरांव मूक बधिर हैं। दोनों करीब विगत दो साल से इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों वीडियो काल कर इशारों में ही बात करते थे। पिछले सप्ताह भिंडर सिंह भागकर सकरीगली पहुंच गया और लड़की को लेकर वापस जाने लगा तभी दोनों जीआरपी के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ शुरू की। चूंकि दोनों बोलने में असमर्थ थे ऐसे में पूछताछ में पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मामला प्यार-मुहब्बत का निकला तो दोनों के स्वजनों को जानकारी दी गयी। गुरुवार को सुखदेव सिंह पत्नी मंजीत कौर और बेटे पवनप्रीत सिंह के साथ यहां पहुंचे।
उधर, लड़की के स्वजनों को भी बुलाया गया। चूंकि दोनों बालिग थे और दोनों के स्वजनों ने कोई आपत्ति पुलिस के समक्ष दर्ज नहीं करायी। इस वजह से पुलिस ने बांड भरवाने के बाद दोनों को छोड़ दिया। इसके बाद दोनों के स्वजनों ने दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। शुक्रवार को जीआरपी मंदिर में धूमधाम से दोनों की शादी हुई। इसके बाद सभी यहां से पंजाब रवाना हो गए।
