विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी की तारीख पक्की, पर वेन्यू की किल्लत! रांची में शुभ मुहूर्त पर जगह मिलना मुश्किल; मैरेज हॉल फुल

Published: Wed, 18 Nov 2026 02:24 PM (IST)

रांची में नवंबर और दिसंबर की शुभ तिथियों पर शादी-विवाह के लिए होटल, बैंक्वेट हॉल और मैरेज हॉल की बुकिंग मिलना मुश्किल हो गया है।

रांची में मैरेज हॉल फुल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

रांची में मैरेज हॉल फुल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. रांची में नवंबर-दिसंबर की शुभ तिथियों पर वेन्यू की भारी मांग।

  2. मैरेज हॉल, होटल, धर्मशालाएं पहले ही बुक, जगह मिलना मुश्किल।

  3. पार्किंग समस्या से जाम, निगम पर कार्रवाई न करने का आरोप।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में लगन शुरू होते ही शादी-विवाह के आयोजन के लिए होटल, बैंक्वेट हॉल, मैरेज हॉल और धर्मशालाओं की मांग बढ़ गई है। नवंबर और दिसंबर की शुभ तिथियों पर मनपसंद जगह की बुकिंग कराना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। 

स्थिति यह है कि कई प्रमुख तिथियों पर शहर के छोटे-बड़े मैरेज हॉल पहले ही बुक हो चुके हैं। लोग अपने बजट और सुविधाओं के अनुसार लगातार बुकिंग के लिए फोन कर रहे हैं। 

शहर में धर्मशालाओं की बुकिंग 20 हजार रुपये से शुरू हो रही है, जबकि मैरेज हॉल का किराया करीब 50 हजार रुपये से शुरू है। बड़े होटल और बैंक्वेट हॉल में सुविधाओं के अनुसार लाखों रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

चुटिया से मोरहाबादी तक मैरेज हाल की बढ़ी मांग

राजधानी के चुटिया, केतारी बगान, पंडरा, क्लब रोड, मेन रोड, कांटाटोली, लालपुर, हिंदपीढ़ी, बरियातू, रातू रोड, हटिया, कोकर, मोरहाबादी, कांके रोड और हरमू में बड़ी संख्या में मैरेज हॉल संचालित हैं। 

इनमें आरंभ मैरेज हॉल, पुष्पांजलि मैरेज हॉल, पोद्दार धर्मशाला, आंगन पैलेस, हेवन पैलेस, सुशीला पैलेस, कुशवाहा धर्मशाला, राज पैलेस, मिलन पैलेस, फिरायलाल बैंक्वेट हॉल, जेनिस्टा इन, उत्सव बैंक्वेट हॉल, जमिया बैंक्वेट हॉल, एसके मैरेज हॉल, रॉयल पैलेस, शगुन बैंक्वेट हॉल, नंदन पैलेस, अक्षय पैलेस, स्वयंवर वाटिका, अभिवादन बैंक्वेट हॉल, शहदेव हाउस, झील गार्डन और संगम गार्डन प्रमुख हैं। 

इसके अलावा होलीडे होम, साईं धर्मशाला, श्रीरामहरि गार्डेन, स्वर्णभूमि और गीतांजलि बैंक्वेट हाल चिरौंदी में भी बुकिंग को लेकर अच्छी मांग है।

पार्किंग की सुविधा नहीं, सड़क पर लगता है जाम

मैरेज हॉल की बढ़ती संख्या के बीच पार्किंग की समस्या भी गंभीर हो रही है। कुछ मैरेज हाल में परिसर के अंदर पार्किंग की सुविधा है, जबकि कई जगहों पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण मेहमानों के वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं। इससे शाम और रात में जाम की स्थिति बनती है। 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। लोगों का कहना है कि निगम कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करता है। वहीं, शहर में संचालित सभी मैरेज हॉल की सूची भी नगर निगम के पास उपलब्ध नहीं है।

होटल संचालकों के पास लगातार आ रहे बुकिंग के फोन

बीएनआर होटल के एफएंडबी मैनेजर धर्मवीर कुमार ने बताया कि लगन को लेकर होटल में अच्छी बुकिंग हो रही है। 20 नवंबर से ही मैरेज हॉल बुक हो रहे हैं। बड़े से लेकर छोटे होटलों में भी मांग बढ़ी है। ग्राहक अपने बजट के अनुसार हॉल बुक कर रहे हैं। कुछ होटल संचालकों की ओर से छूट भी दी जा रही है।

होटल ली-लेक सरोवर के मैनेजर कौशिक दत्ता ने बताया कि नवंबर और दिसंबर में खरमास तक मैरेज हॉल की बुकिंग को लेकर लगातार फोन आ रहे हैं। ग्राहकों की ओर से बजट और सुविधाओं के अनुसार बुकिंग की जा रही है। होटल में लगन को लेकर अच्छी बुकिंग है, हालांकि कुछ तिथियों पर हॉल उपलब्ध हैं।

नवंबर-दिसंबर में विवाह के शुभ मुहूर्त

  • नवंबर: 21, 24, 25 और 26 नवंबर।
  • दिसंबर: 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर।

इन शुभ तिथियों के कारण शहर में मैरेज हाल और होटलों की मांग बढ़ी है। जिन परिवारों ने अब तक बुकिंग नहीं कराई है, उन्हें मनपसंद तारीख और जगह तलाशने में परेशानी हो रही है।

यह भी पढ़ें- रांची एयरपोर्ट: अब बस चेहरा दिखाइए और सीधे फ्लाइट में जाइए! 'डिजी यात्रा' ने हवाई सफर को बनाया स्मार्ट


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।