Jharkhand Weather : रांची में फिर गिरा तापमान, मतदान के दिन कैसा रहेगा मौसम? पढ़ें IMD का लेटेस्ट अपडेट
Jharkhand Weather रांची समेत आसपास के जिलों में प्री-मानसून की दस्तक से लोगों ने चैन की सांस ली है। गुरुवार को हुई बारिश से राजधानी का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इससे लोगों को राहत मिली है। रांची में 25 मई को मतदान होना है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान तापमान सामान्य बना रहेगा।
जासं, रांची। Jharkhand Weather Forecast : राजधानी रांची व आसपास के जिलों में तेज हवा के बाद रिमझिम फुहारों ने तापमान 3 डिग्री तक गिरा दिया है। बुधवार को राजधानी का तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस था जो कि गिरकर 33 डिग्री तक पहुंच चुका है। ऐसे में रांचीवासियों को गर्मी से जहां राहत मिली है वहीं शहर में धूलकणों और प्रदूषण से भी राहत मिली है।
मतदान के दिन सामान्य बना रहेगा तापमान
प्री-मानसून की आहट ने शहर के लोगों को राहत दी है। शहर में हुई वर्षा ने मतदान कार्य में लगे कर्मियों को भी राहत दी। दरअसल, 25 मई को रांची में मतदान होना है और मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी इसे लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि 25 मई को राजधानी व आसपास के जिलों में तापमान सामान्य बना रहेगा।
आज राज्य के इन जिलों में गरजेंगे बादल
साथ ही 24 मई को निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, गुमला, बोकारो, हजारीबाग और खूंटी के अलावे उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में कहीं-कहीं मेघगर्जन और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बताया गया कि यह स्थिति 27 मई तक बनी रहेगी।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछेक जगहों पर मेघगर्जन और आंधी के साथ साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। राज्य के दक्षिण पूर्वी हिस्सों में कहीं कहीं भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 76.4 मिमी पूर्वी सिंहभूम के गुराबंदा में रिकाॅर्ड की गई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री चाईबासा का रिकाॅर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
ये भी पढ़ें:
भाजपा ने मुसलमानों का एंगल देकर ममता पर निकाला गुस्सा, कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले का किया स्वागत
Hemant Soren: हेमंत सोरेन को क्यों जाना पड़ा जेल? कांग्रेस के इस दिग्गज नेता ने कर दिया बड़ा दावा