रंगदारी केस में जेल जाने का बदला लेने के लिए की थी तनवीर की हत्या, पिस्तौल सहित दबोचा गया आरोपित
रांची के गढ़ाटोली में तनवीर आलम उर्फ निक्की बाबू की गोली मारकर हत्या का मामला पुरानी रंजिश का निकला।

मृतक तनवीर आलम उर्फ बाबू की फाइल फोटो।
HighLights
तनवीर आलम की हत्या पुरानी रंजिश के कारण हुई।
आरोपी मोहम्मद शाहरुख ने 2018 का बदला लिया।
पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, रांची। सदर थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली में तनवीर आलम उर्फ निक्की बाबू की गोली मारकर हत्या के मामले में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2018 में मृतक ने आरोपित के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज कराया था। इस केस में आरोपित को जेल जाना पड़ा था।
उसी समय से वह तनवीर से बदला लेने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने जेल जाने के बाद धमकी दी थी कि मौका मिलने पर वह तनवीर की हत्या कर देगा।
इसी पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। गढ़ाटोली में शुक्रवार की देर रात तनवीर आलम उर्फ निक्की बाबू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी के बयान पर सदर थाना में कांड संख्या 516/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपित को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। डीएसपी और सदर थानेदार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल होने के आरोप में मोहम्मद शाहरुख (29), पिता मोहम्मद शाहजहां शहीद, निवासी शांति नगर, गढ़ाटोली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद की है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मृतक पर भी दर्ज था पशु तस्करी का मामला
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के अनुसार, मृतक तनवीर आलम के खिलाफ भी पशु तस्करी से संबंधित मामला दर्ज था। पुलिस अब मृतक और आरोपित के बीच पुरानी रंजिश के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
वर्ष 2018 में दर्ज रंगदारी के मामले, जेल जाने के बाद दी गई कथित धमकी और हत्या की घटना के बीच कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में केवल गिरफ्तार आरोपित शामिल था या उसके साथ अन्य लोग भी थे।
घटना के समय उसकी गतिविधियों, मोबाइल फोन और बरामद हथियार की भी जांच की जाएगी। पुलिस का दावा है कि पुरानी रंजिश में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।