विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1994 में एक भारतीय ने बचाई थी जान, 32 साल बाद कर्ज उतारने लद्दाख से 2600 KM दौड़कर रांची पहुंचे स्वीडन के धावक

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:38 PM (IST)

स्वीडन के दो धावक ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन ने 'रन फॉर आशा' अभियान के तहत लद्दाख से रांची तक 2600 किमी की दौड़ पूरी की।

लद्दाख से 2600 किमी दौड़कर स्वीडन के दो धावक पहुंचे रांची। (जागरण)

लद्दाख से 2600 किमी दौड़कर स्वीडन के दो धावक पहुंचे रांची। (जागरण)

HighLights

  1. स्वीडिश धावकों ने लद्दाख से रांची तक 2600 किमी की दौड़ पूरी की।

  2. 'रन फॉर आशा' अभियान झारखंड के बच्चों और युवाओं के लिए है।

  3. ब्योर्न की प्रेरणा 1994 में भारतीय पोर्टर द्वारा बचाई गई जान से जुड़ी है।

जागरण संवाददाता, रांची। लद्दाख से 2600 किमी दौड़कर स्वीडन के दो धावक रांची पहुंचे। ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन गुरुवार की शाम चार बजे रांची पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस अभियान का नाम 'रन फॉर आशा' है। आशा के सचिव अजय कुमार जायसवाल ने बताया कि इसका उद्देश्य झारखंड में काम कर रही संस्था आशा के काम को सहयोग देना और झारखंड के बच्चों व युवाओं के लिए बेहतर अवसर जुटाना है।

शुक्रवार को दोनों धावक राज्यपाल संतोष गंगवार से भेंट करेंगे और इसके बाद भुसुर स्थित स्वयं सेवी संस्था आशा के कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद वे खूंटी जाएंगे।

लद्दाख से झारखंड तक का सफर

अजय ने बताया कि यह दौड़ 30 अगस्त को लद्दाख से शुरू हुई। पिछले ढाई महीनों में दोनों धावक ऊंचे पहाड़ी दर्रों, जैसे रोहतांग पास (13,058 फीट), लद्दाख की ठंडी और सूनी सड़कों, कीचड़ और बर्फ भरे रास्तों, पहाड़ी गांवों, धान के खेतों और कई शहरों व कस्बों से होकर गुजरे हैं।

Swedish Runners

दोनों धावक अपना पूरा सामान एक गाड़ी (रनिंग कार्ट) में खुद धकेलते हुए चल रहे थे। साथ में भारत और स्वीडन के झंडे उत्साह बढ़ा रहा था। रास्ते में पंचर ठीक करना, खुले में खाना बनाना और कई बार टेंट में रात बिताना उनकी रोज की दिनचर्या में शामिल रहा।

1994 की एक मदद, जिसने सब बदल दिया

ब्योर्न का भारत से रिश्ता लगभग 30 साल पुराना है। साल 1994 में हिमालय में ट्रेकिंग के दौरान उनके साथ एक गंभीर हादसा हुआ।

उस मुश्किल समय में तेनजिंग नाम के एक भारतीय पोर्टर ने उनकी जान बचाई और उन्हें सुरक्षित जगह तक पहुंचाया। जब ब्योर्न ने बदले में पैसे देने चाहे तो तेनजिंग ने मना कर दिया और कहा कि यह मदद पैसे के लिए नहीं है।

Swedish Runners

इस निस्स्वार्थ मदद का ब्योर्न के जीवन पर गहरा असर पड़ा। इसके बाद भारत और यहां के लोगों से उनका जुड़ाव बना रहा, खासकर झारखंड के खूंटी क्षेत्र से। तीन दशक बाद, भारत के प्रति इसी आभार को व्यक्त करने के लिए उन्होंने रन फॉर आशा की शुरुआत की।

अजय ने बताया कि आठ साल पहले घूमते हुए ब्योर्न स्वेन्सन झारखंड आए थे और वहां खूंटी घूमने गए। वहां आशा की दो तीन लड़कियों से उनकी मुलाकात हुई थी और आशा के बारे में उन्हें जानकारी मिली।

इसके बाद वे आशा कार्यालय आए और क्रिया-कलापों को देख प्रभावित हुए और उस दिन ही उन्होंने संकल्प लिया कि बच्चों के लिए कुछ करेंगे। अब यह मौका आया है।

क्रिस्टीना पाल्टेन: अनुभवी लंबी दूरी की धाविका

इस यात्रा में ब्योर्न के साथ स्वीडन की प्रसिद्ध लंबी दूरी की धाविका क्रिस्टीना पाल्टेन भी हैं। वे पहले भी कई असाधारण दौड़ पूरी कर चुकी हैं।

Swedish Runners

इनमें ईरान में लगभग 1,840 किलोमीटर की अकेली दौड़ और तुर्की से फिनलैंड तक लगभग 3,262 किलोमीटर की यात्रा शामिल है।

ब्योर्न और क्रिस्टीना दोनों का मानना है कि खेल और व्यक्तिगत प्रयासों के ज़रिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसलिए उन्होंने अपनी दौड़ने की क्षमता को एक सामाजिक उद्देश्य से जोड़ा है।

आशा संस्था के प्रमुख काम

  • डायन प्रथा के खिलाफ: डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं पर होने वाली हिंसा रोकने के लिए समुदाय, पंचायत और प्रशासन के साथ जागरूकता और कानून लागू कराने का काम।
  • मानव तस्करी और असुरक्षित पलायन: किशोरियों और परिवारों को जागरूक करना और सुरक्षित रखना।
  • मौसमी छात्रावास: साल 2011 से रांची, सरायकेला और खूंटी में 3 छात्रावास, जहाँ ईंट-भट्ठों पर काम करने जाने वाले परिवारों के लगभग 200 बच्चे रहते हैं और गाँव के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं।
  • बाल विवाह: आदिवासी क्षेत्रों में 150 से ज्यादा लड़कियों को बाल विवाह से बचाया गया और उन्हें आश्रय, शिक्षा और मार्गदर्शन दिया गया।

यह भी पढ़ें- नहाय-खाय से पहले कद्दू के बढ़े भाव, धनबाद में चना दाल 110 और अरवा चावल 50 रुपये तक बिका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।