हेमंत सोरेन की रणनीति, तैयार होगा वार रूम
झामुमो का शीर्ष नेतृत्व तमाम योजनाओं को आगामी चुनावों के मद्देनजर अमल में ला रहा है।
राज्य ब्यूरो, रांची। दक्षिण भारत के राज्यों में सक्रिय कई क्षेत्रीय राजनीतिक दल अपना टीवी चैनल एवं अखबार संचालित करते हैं। वैसे राजनीतिक दलों की राह पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) चल पड़ा है। उसी तर्ज पर पार्टी ने विभिन्न समाचार व प्रचार-प्रसार के माध्यमों के जरिए विस्तार की योजना बनाई है। पार्टी के वरीय नेताओं ने खुद को इस मिशन पर केंद्रित किया है। इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी ने अपनी वेब टीवी लांच की है। इसका नाम जेएमएम टीवी है।
जेएमएम के जरिए पार्टी के आला नेताओं के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों समेत उनके विचारों का प्रसारण किया जाएगा। झामुमो की योजना इसके माध्यम से संगठन का विस्तार करने की है। रोजमर्रा के सीधा प्रसारण की सूचनाएं भी इसपर प्रसारित होंगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई जा सके। इसका परीक्षण सफल होने और बेहतर परिणाम आने पर आगे और भी प्रयोग किए जा सकते हैं।
हेमंत सोरेन की रणनीति, तैयार होगा वार रूम
झामुमो का शीर्ष नेतृत्व तमाम योजनाओं को आगामी चुनावों के मद्देनजर अमल में ला रहा है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और उनके विश्वस्तों की टीम इस मुहिम में लगी है। इसकी योजना काफी पहले से चल रही थी। मकसद दूरदराज के इलाकों तक पहुंचना है। जल्द ही झामुमो का वार रूम भी बनकर तैयार हो जाएगा। इसके जरिए सोशल मीडिया में पार्टी रणनीति के मुताबिक प्रचार-प्रसार करेगी। झामुमो का आइटी सेल इस मुहिम में जुटा है।
बताते चलें कि 2014 में विधानसभा चुनाव के ऐन पहले झामुमो ने मिस्ड काल के माध्यम से कार्यकर्ता बनाने की रणनीति अपनाई थी। इसमें खासी सफलता मिली थी। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहते हैं-आने वाले दिनों में सीधा मुकाबला बहुत बड़ी पार्टी (भाजपा) से है। उसके पास काफी बड़ा प्रचार तंत्र है। हमें इसका मुकाबला करना है। लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अत्याधुनिक संचार माध्यमों का पार्टी उपयोग करेगी।
मनाएंगे काला दिवस
झामुमो ने नोटबंदी की सालगिरह को काला दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है। पार्टी महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि आठ नवंबर को पार्टी के कार्यकर्ता हरेक जिले में नोटबंदी और जीएसटी का विरोध करेंगे। उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी चंद कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया। इससे देश को भारी नुकसान हुआ। लाखों लोग बेरोजगार हो गए।