झारखंड में कांग्रेस विधायक पर यौन शोषण का आरोप, बीजेपी के साथ JMM ने भी की जांच की मांग
झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे यौन शोषण के आरोपों पर पुलिस ...और पढ़ें
-1794854344109_m.webp)
विनोद पांडेय और दीपक प्रकाश। फाइल फोटो
HighLights
दीपक प्रकाश ने पुलिस कार्रवाई, सरकार के रवैये को अलोकतांत्रिक बताया।
झामुमो ने नाबालिग को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच पर जोर दिया।
विधायक भूषण बाड़ा पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में मीडिया के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निंदा की।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस प्रशासन का रवैया अलोकतांत्रिक है।
सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दीपक प्रकाश ने कहा कि 13 नवंबर को सिमडेगा की 14 वर्षीय आदिवासी बालिका ने विधायक पर दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई।
बीएनएस की धारा 183 के तहत बालिका का बयान रांची के न्यायिक दंडाधिकारी के सामने दर्ज हुआ। उन्होंने कहा कि विधायक के 2019 और 2024 के चुनावी हलफनामों में यौन शोषण से जुड़े दो मामलों का उल्लेख है।
प्रकाश ने आरोप लगाया कि पुलिस रात में बिना सर्च वारंट हरमू स्थित न्यूज चैनल के कार्यालय में दाखिल हुई और तलाशी के दौरान कीमती सामान ले गई, लेकिन पंचनामा सूची नहीं बनाई।
उन्होंने इसे मीडिया की आवाज दबाना बताया। उनके मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क नहीं हुआ, जिसके बाद वह घटनास्थल पर धरने पर बैठ गए।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि भूषण बाड़ा को 2019 और 2024 में टिकट क्यों दिया गया और मौजूदा आरोप पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान पर भी उन्होंने तंज कसा। प्रकाश ने विधायक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि ऐसा नहीं हुआ तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
नाबालिग के साथ कथित यौन शोषण की हो निष्पक्ष जांच : विनोद पांडेय
झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि नाबालिग बच्ची से जुड़े यौन शोषण के आरोप बेहद गंभीर हैं और सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश द्वारा विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोरतम कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी व्यक्ति को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
झामुमो महासचिव ने कहा कि नाबालिग बच्ची को न्याय मिलना सबसे महत्वपूर्ण है। जांच एजेंसियों को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक जाना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण में यदि किसी तरह की साजिश रची गई है या राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है तो उसका भी पर्दाफाश होना चाहिए।
जांच में ऐसे किसी भी व्यक्ति या चेहरे की भूमिका सामने आती है, जिसने जानबूझकर साजिश को अंजाम दिया है, तो उसे भी बेनकाब कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
विनोद पांडेय ने न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठाए गए सवालों पर भी कहा कि यदि कार्रवाई की प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए।
कानून के दायरे में रहकर ही पुलिस को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन, दोनों का सम्मान जरूरी है।
यह भी पढ़ें- बाबूलाल का बयान मनोबल तोड़नेवाला, कार्यशैली पर सवाल उठाने से पुलिस एसोसिएशन आहत; भाजपा ने बताया JMM की स्क्रिप्ट