विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाबूलाल का बयान मनोबल तोड़नेवाला, कार्यशैली पर सवाल उठाने से पुलिस एसोसिएशन आहत; भाजपा ने बताया JMM की स्क्रिप्ट

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:40 PM (IST)

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पुलिस कार्यप्रणाली पर दिए बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है, कहा ...और पढ़ें

कहा, राजनीतिक बयानबाजी से पुलिस का मनोबल गिराने की कोशिश न हो।

कहा, राजनीतिक बयानबाजी से पुलिस का मनोबल गिराने की कोशिश न हो।

HighLights

  1. पुलिस एसोसिएशन ने बाबूलाल मरांडी के बयानों पर आपत्ति जताई।

  2. कहा, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाना अनुचित है।

  3. भाजपा ने एसोसिएशन के बयान को राजनीतिक स्क्रिप्ट बताया।

जागरण नेटवर्क, रांची। झारखंड पुलिस की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से हाल के दिनों में दिए जा रहे राजनीतिक बयानों पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने कहा है कि राजनीतिक बहस के केंद्र में पुलिस विभाग को घसीटना और उसकी कार्यशैली पर आधारहीन सवाल उठाना अनुचित है।

पुलिस बल केवल एक विभाग नहीं, बल्कि राज्य और संविधान की कानून-व्यवस्था की रीढ़ है। उसकी निष्पक्षता और प्रतिष्ठा पर सवाल उठाने से उन पुलिसकर्मियों का मनोबल प्रभावित होता है, जो जोखिम उठाकर कानून की रक्षा करते हैं।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने 15 नवंबर को जारी प्रेस बयान में कहा कि कानून सर्वोपरि है। किसी भी मामले की जांच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप या किसी राजनीतिक पटकथा के आधार पर नहीं, बल्कि ठोस साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत होनी चाहिए।

पुलिस का काम किसी राजनीतिक कहानी को विश्वसनीय बनाना नहीं, बल्कि निष्पक्षता के साथ सच सामने लाना है। चाहे मामला किसी प्रभावशाली व्यक्ति से ही क्यों न जुड़ा हो।

एसोसिएशन ने कहा कि पुलिस विभाग की आंतरिक कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर बिना ठोस तथ्यों के भ्रम फैलाना उन पुलिसकर्मियों के मनोबल को चोट पहुंचाता है, जो दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर कर्तव्य निभाते हैं। पुलिस के आंतरिक अनुशासन और नेतृत्व पर निराधार सवाल उठाना संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है।

यदि किसी व्यक्ति के पास अपनी बेगुनाही के सबूत हैं या किसी राजनीतिक दल के पास षड्यंत्र के पुख्ता प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक मंचों पर बयानबाजी करने के बजाय जांच एजेंसियों और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि झारखंड पुलिस का हर जवान और अधिकारी किसी दबाव में नहीं, बल्कि संविधान और कानून के प्रति जवाबदेह है।

पुलिस एसोसिएशन की विज्ञप्ति को भाजपा ने बताया झामुमो और कांग्रेस की स्क्रिप्ट

झारखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के विरुद्ध जारी बयान को भाजपा ने झामुमो गठबंधन द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट बताई है। प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू की विज्ञप्ति को झामुमो-कांग्रेस की राजनीतिक चिट्ठी बताते हुए कहा कि वे एसोसिएशन के अध्यक्ष से अधिक हेमंत सरकार के समर्थक कुछ पुलिसकर्मियों के प्रतिनिधि नजर आते हैं।

साह ने आरोप लगाया कि थानों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं और दुष्कर्म के आरोपी विधायक के समर्थकों की तरह कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा शेल्टर होम से पीड़िता को कथित तौर पर चोरी-छिपे उठाकर विधायक के आवास पहुंचाने जैसे गंभीर मामलों पर सवाल उठाना नेता प्रतिपक्ष की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने पोक्सो कानून की अनदेखी का भी आरोप लगाया। अजय साह ने राहुल मुर्मू को न्यायालय के रिकार्ड और तथ्यों का अध्ययन करने की सलाह दी।

उन्होंने दावा किया कि मरांडी के सवालों और सक्रियता के बाद राज्य के पूर्व डीजीपी को इस्तीफा देना पड़ा तथा मौजूदा डीजीपी की कार्यशैली पर भी सवाल हैं। साह ने कहा कि पुलिस का काम निष्पक्ष रूप से कानून लागू करना है, राजनीतिक बयानबाजी नहीं।

(नोट- पुलिस एसोसिएशन और भाजपा की ओर से जारी प्रेस रिलीज पर आधारित खबर है।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।