युवतियों से छेड़खानी का विरोध करने पर जवान को मारी गोली
युवतियों से छेड़खानी का विरोध करने पर अपराधियों ने जवान को गोली मार दी। घटना झारखंड के रांची की है।
संवाद सूत्र, तुपुदाना। रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के सोदाग गांव में युवतियों से छेड़खानी का विरोध करने पर अपराधियों ने आर्मी जवान बाहा बिर्हा को गोली मार दी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, तुपुदाना क्षेत्र के सुकुरहुट्ट बांध टोली निवासी आर्मी जवान बाहा बिर्हा रविवार की रात करीब 12:30 बजे अपने तीन दोस्तों के बाद सोदाग जतरा देखने गया था। उसके साथ सुनील कच्छप, रंजीत मिंज और ठाकुरगांव के अमर साथ में मौजूद थे। सभी स्कूटी और बाइक से जतरा में आयोजित ऑक्रेस्ट्रा देख रहे थे। उसी दौरान चितवादाग गांव के चार लड़के वहां पहुंचे और युवतियों से छेड़खानी की। इसका विरोध करने पर चारों युवकों ने उनसे माफी मांगी और वहां से चले गए।
ऑक्रेस्ट्रा समाप्त होने के बाद आर्मी जवान बाहा बिर्हा समेत चारों दोस्त वहां से निकलकर सोदाग अखाड़ा के पास पहुंचे और शराब पीने लगे। इस बीच वहीं चारों लड़के दोबारा वहां पहुंचे और कहा तुमलोग हीरो बनकर माफी मंगवाते हो। यह कहते हुए लाठी डंडे से हमला शुरू कर दी। उसी दौरान उनमें से एक युवक ने कमर में खोंस कर रखा पिस्तौल निकाला और तीन फायरिंग की। इससे गोली बाहा बिर्हा के जांघ में लगी और फंस गई। फिर, दोस्त सुनील कच्छप के सिर पर तान कर गोली चलाई, लेकिन मिसफायर हो गई।
इसके बाद सभी अपराधी वहां से भाग निकले। इसके बाद गोली से जख्मी आर्मी जवान को स्कूटी से लेकर सुनील कच्छप मेन रोड स्थित राज अस्पताल पहुंचा। जहां वह इलाजरत है। सुनील कच्छप के बयान पर तुपुदाना ओपी मे मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सक्रियता से जांच कर रही है।
पीएलएफआइ उग्रवादियों द्वारा गोली मारे जाने की चर्चा
घटना के बाद सेदाग और सुकुरहुट्टू बांध टोली में पीएलएफआइ उग्रवादियों द्वारा गोली मारे जाने की चर्चा है। बाहा बिर्हा और सुनील कच्छप उन युवकों को पहचानते हैं। उनका नाम नहीं जानते। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि गोली मारने वाले पीएलएफआइ से संबंध रखते हैं। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ेंः रांची में एक ही परिवार की तीन महिलाओं की निर्मम हत्या