रिम्स में मरीजों को दवा देने से पहले होगी पूरी जांच, रंग-गंध से लेकर एक्सपायरी तक पर रहेगी नजर
रिम्स रांची में मरीजों को दवा देने से पहले उसकी गुणवत्ता, एक्सपायरी और भंडारण की सात स्तरों पर जांच अनिवार्य ...और पढ़ें

रांची रिम्स की फाइल फोटो।
HighLights
दवा की गुणवत्ता, मात्रा, शक्ति और एक्सपायरी की जांच अनिवार्य।
पैकेजिंग, सील और लेबल की स्थिति भी जांची जाएगी।
जागरण संवाददाता, रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए दवाओं के इस्तेमाल को लेकर सख्ती की गई है। अब अस्पताल के सभी क्लिनिकल विभागों में मरीजों को दवा देने या इस्तेमाल करने से पहले उसकी गुणवत्ता, निर्धारित मात्रा, शक्ति, पैकेजिंग और एक्सपायरी सहित कई जरूरी पहलुओं की जांच करनी होगी। दवाओं में किसी तरह की गड़बड़ी या गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उसका इस्तेमाल तत्काल रोकना होगा। साथ ही इसकी सूचना अस्पताल के भंडार को भी देनी होगी।
इस संबंध में रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक ने कार्यालय आदेश जारी किया है। इसमें सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के बीच इन दिशा-निर्देशों का प्रसार करें और उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
दवा इस्तेमाल से पहले इन बिंदुओं की जांच जरूरी
आदेश के अनुसार, मरीज को संबंधित चिकित्सक की ओर से लिखे गए पर्चे के अनुसार ही सही दवा दी जाएगी। दवा के इस्तेमाल से पहले उसकी निर्धारित खुराक, मात्रा और शक्ति की जांच करनी होगी। इसके अलावा दवा किस माध्यम से दी जानी है, यह भी सुनिश्चित करना होगा।
दवा के निर्माण और समाप्ति की तारीख की जांच अनिवार्य होगी। उसकी पैकेजिंग, सील और लेबल की स्थिति भी देखनी होगी। क्षतिग्रस्त पैकेट या बिना लेबल वाली दवाओं का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
रंग, गंध और बनावट में बदलाव पर रोकेंगे इस्तेमाल
दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए उनके रंग, गंध और स्वरूप पर भी ध्यान देना होगा। यदि किसी दवा के रंग, गंध या उसकी औषधीय बनावट में असामान्यता मिलती है तो उसका वितरण या इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। ऐसी दवाओं को तत्काल अन्य दवाओं से अलग कर भंडार को सूचित करना होगा।
इसके साथ ही दवाओं को निर्धारित तापमान और उचित भंडारण परिस्थितियों में रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनी रहे।
लापरवाही से बचने के लिए जारी किए गए निर्देश
अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य दवाओं के इस्तेमाल में होने वाली संभावित गलतियों को रोकना और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कई बार गलत खुराक, एक्सपायरी दवा, अनुचित भंडारण या दवा की गुणवत्ता में बदलाव मरीज के इलाज को प्रभावित कर सकता है।
ऐसे मामलों को रोकने के लिए रिम्स प्रबंधन ने दवा वितरण और उपयोग की प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। रिम्स अधीक्षक डा. हिरेंद्र बिरुआ ने बताया कि रिम्स में अब केवल दवा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि मरीज को देने से पहले उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी विभागों की जिम्मेदारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।