रिम्स में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को झटका, आयुष्मान योजना के तहत मैनपावर नियुक्ति का विज्ञापन रद
रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के तहत मैनपावर नियुक्ति के लिए 27 अगस्त 2026 को जारी विज्ञापन को अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण तत्काल प्रभाव से रद कर दिया गया है।

रांची रिम्स की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रिम्स ने आयुष्मान भारत मैनपावर भर्ती विज्ञापन रद किया।
अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण लिया गया यह तत्काल निर्णय।
जागरण संवाददाता, रांची। रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों में मैनपावर की नियुक्ति को लेकर निकाला गया विज्ञापन रद कर दिया गया है। संस्थान प्रबंधन ने 27 अगस्त 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 4285 को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रिम्स की ओर से 17 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक सूचना जारी की गई है।
जारी निरस्तीकरण सूचना के अनुसार, आयुष्मान भारत योजना के तहत संस्थान में मैनपावर को मजबूत करने और योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण विज्ञापन को रद करने का निर्णय लिया गया है। सूचना पर सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति भी प्राप्त है।
रिम्स के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक की ओर से जारी इस नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि विज्ञापन तत्काल प्रभाव से निरस्त माना जाएगा। हालांकि, विज्ञापन रद करने के पीछे की विशिष्ट वजहों का उल्लेख नहीं किया गया है।
इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों को झटका लग सकता है, जिन्होंने उक्त विज्ञापन के तहत आवेदन करने की तैयारी की थी या आवेदन किया था। अब नियुक्ति प्रक्रिया आगे किस रूप में शुरू होगी, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
आयुष्मान योजना के बेहतर संचालन के लिए मैनपावर की जरूरत
रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं के संचालन के लिए पर्याप्त मैनपावर की जरूरत है। योजना के अंतर्गत मरीजों का पंजीकरण, इलाज की स्वीकृति, चिकित्सा संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन और इलाज के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
इसके लिए अलग-अलग स्तर पर प्रशिक्षित कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मैनपावर की कमी होने पर मरीजों के इलाज से जुड़ी स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में नियुक्ति विज्ञापन रद होने के बाद नई बहाली की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस पर सबकी नजर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।