रिटायर होने के बाद भी नहीं बचे साहब! रांची में जमीन नामांतरण की गड़बड़ी पड़ी भारी, 10 साल तक कटेगी पेंशन
राज्य सरकार ने कांके के सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक चंचल किशोर प्रसाद की पेंशन में कटौती का निर्णय लिया है। यह कार्रवाई जमीन नामांतरण में गड़बड़ी के मामले में की गई है, जिसके तहत 10 वर्षों तक उनकी पेंशन से पांच प्रतिशत राशि काटी जाएगी।

रांची में जमीन नामांतरण की गड़बड़ी पड़ी भारी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक चंचल किशोर प्रसाद पर कार्रवाई।
कांके में जमीन नामांतरण में गंभीर गड़बड़ी का मामला।
दोषी पाए जाने पर 10 साल तक पेंशन कटौती।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार ने जमीन नामांतरण में गड़बड़ी मामले में कांके के तत्कालीन अंचल निरीक्षक चंचल किशोर प्रसाद के विरुद्ध कार्रवाई का निर्णय लिया है। प्रसाद अब सेवानिवृत्त हो गए हैं। ऐसे में दंड के रूप में उनकी पेंशन से राशि कटौती की जाएगी।
विभागीय जांच की अनुशंसा में राज्य सरकार ने उनकी पेंशन से पांच प्रतिशत की कटौती करने का निर्णय लिया है। यह कटौती 10 वर्षों तक होगी।
गलत ढंग से नामांतरण की अनुशंसा
मामला कांके प्रखंड के मौजा चामा का है। आरोप के अनुसार, तत्कालीन अंचल निरीक्षक ने खाता संख्या-87, प्लाट संख्या-1232, कुल रकबा-188.33 डिसमिल सर्वे खतियान में गैर मजरूआ मालिक प्रति कादीम दर्ज भूमि को 16 व्यक्तियों के नामांतरण की अनुशंसा गलत ढंग से की थी।
तत्कालीन अंचल निरीक्षक ने राजस्व कागजात के गहनतापूर्वक जांच किए बिना नामांतरण की अनुशंसा कर दी थी। इस आरोप में रांची के उपायुक्त ने उनके विरुद्ध आरोप गठित करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा राज्य सरकार से की थी।
आरोप पत्र की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा
राज्य सरकार ने इसके बाद तत्कालीन अंचल निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया। इसकी जिम्मेदारी विभागीय जांच पदाधिकारी रामाकांत सिंह को दी थी। विभागीय जांच पदाधिकारी ने जांच में उपायुक्त के आरोप पत्र की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की।
राज्य सरकार ने विभागीय जांच पदाधिकारी की रिपोर्ट तथा चंचल किशोर के बचाव में रखे गए तथ्यों की समीक्षा के बाद झारखंड पेंशन नियमावली के नियम-43 (ख) के तहत उनके विरुद्ध पेंशन से राशि कटौती का निर्णय लिया। इसपर विभागीय मंत्री ने भी अनुमोदन किया। हालांकि इससे पहले उनसे दूसरा शोकाज जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब नहीं दिया। इसके बाद 10 वर्षों तक पेंशन से पांच प्रतिशत की कटौती की कार्रवाई की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।