रांची विश्वविद्यालय का पब्लिकेशन डिवीजन ठप, 4 साल में सिर्फ एक एनुअल रिपोर्ट का हुआ प्रकाशन
रांची विश्वविद्यालय का पब्लिकेशन डिवीजन 2022 में शुरू होने के बाद सिर्फ एक वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित कर बंद हो गया। ...और पढ़ें

रांची विश्वविद्यालय की फाइल फोटो।
HighLights
पब्लिकेशन डिवीजन 2022 में शुरू होकर सिर्फ एक किताब छाप पाया।
बजट, स्टाफ और संपादकीय बोर्ड की कमी से काम ठप हुआ।
जागरण संवाददाता, रांची। बड़े-बड़े दावों के साथ शुरू हुआ रांची विश्वविद्यालय का पब्लिकेशन डिवीजन अब सिर्फ कागज पर रह गया है। 2022 में धूमधाम से उद्घाटन हुआ। लेकिन उसके बाद सिर्फ एक पुस्तक वो भी एक एनुअल रिपोर्ट का प्रकाशन हुआ और फिर डिवीज़न पर ताला लग गया।
आज स्थिति यह है कि डिवीज़न कार्यालय तो चल रहा है, लेकिन कोई जर्नल नहीं छप रहा है, न ही छात्रों के लिए कोर्स से संबंधित कोई सामग्री प्रकाशित हो रही है। इस दौरान रांची विवि में दो कुलपति बदल गए, लेकिन किसी का ध्यान इस पब्लिकेशन डिवीजन की तरफ नहीं गया।
2022 में किया गया था इस डिवीजन का उदघाटन
रांची विश्वविद्यालय में 11 मार्च 2022 को तत्कालीन कुलपति डा. कामिनी कुमार ने रांची विश्वविद्यालय के पब्लिकेशन डिवीज़न का उद्घाटन किया था। उस समय इसे झारखंड के विश्वविद्यालयों में पहला प्रयास बताया गया था।
कहा गया था कि यह डिवीज़न जर्नल प्रकाशन के साथ-साथ छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री प्रकाशित करने को बढ़ावा देगा।यह डिवीज़न डीएसडब्ल्यू सेक्शन के अधीन काम करेगा और इसके लिए एक मैनेजिंग एडिटर होगा। यह व्यवस्था भी कागज पर बनाई गई थी।
ये था इस प्रकाशन डिवीजन का उद्देश्य
- शोध पुस्तकों को बढ़ावा देना
- शिक्षकों और शोधार्थियों की शोध पुस्तकें विवि खुद छापेगा, ताकि उन्हें बाहर के महंगे प्रकाशकों के पास न जाना पड़े
- अकादमिक जर्नल को बढ़ावा देना
- विवि के अपने रिसर्च जर्नल नियमित रूप से प्रकाशित होंगे, जिससे रांची विवि की शोध की पहचान बनेगी।
- यूजी-पीजी कोर्स की सामग्री
- स्नातक और स्नातकोत्तर के कोर्स से संबंधित स्टडी मैटेरियल, नोट्स और किताबें छात्रों को सस्ती दर पर मिलेंगी।
न बजट न स्टाफ, बंद हो गया काम
इस प्रकाशन डिवीजन के लिए न बजट आया, न स्टाफ मिला, न ही कोई संपादकीय बोर्ड बना। धीरे-धीरे डिवीज़न फाइलों में सिमट गया। प्रकाशन डिवीजन का मैनेजिंग एडिटर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डा. कंजीव लोचन का कहना है कि हमने इसे बेहतर तरीके से चलाने का काफी प्रयास किया, लेकिन विवि प्रशासन की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला।
इसकी वजह से कोई काम नहीं हो पाया। उदघाटन के बाद केवल एक एनुअल रिपोर्ट ही इस डिवीजन के माध्यम से पब्लिश हो पायी है। इसके अलावा कोई काम नहीं हुआ।
इससे पहले खुला था एक और कार्यालय, वो भी हो गया बंद
इसी परिसर में इससे पहले ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स नामक कार्यालय भी खोला गया था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विदेश में पढ़ाई और एक्सचेंज प्रोग्राम की जानकारी देना था। एक शिक्षिका को इसका प्रभारी भी बनाया गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद यह कार्यालय भी बंद हो गया।
इस विभाग के जरिए पासपोर्ट, वीजा, स्कालरशिप और विदेशी यूनिवर्सिटी में नामांकन से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर देने की योजना थी। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत विद्यार्थियों को सुविधा मिलनी थी, लेकिन यह पहल भी ठप हो गई। इससे विद्यार्थियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।