विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

500 छात्राओं का भविष्य भगवान भरोसे! गुमला विमेंस कॉलेज में 10 से ज्यादा विषय, पढ़ाने वाला एक भी शिक्षक नहीं

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:45 AM (IST)

रांची विश्वविद्यालय का गुमला विमेंस कॉलेज शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है, जहां 10-12 विषयों की पढ़ाई 500 छात्राओं के लिए 'जुगाड़' के भरोसे चल रही है। कुछ विषयों के लिए केओ कॉलेज गुमला से शिक्षक आते हैं, जबकि अन्य विषयों की पढ़ाई भगवान भरोसे है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. गुमला विमेंस कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी।

  2. 10-12 विषयों की पढ़ाई जुगाड़ से चल रही है।

दिवाकर सिंह, रांची। कहते हैं एक छात्र के बेहतर भविष्य का निर्माण एक शिक्षक के हाथ में होता है, लेकिन जब शिक्षक ही नहीं हो तो विद्यार्थियों का भविष्य क्या होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

कुछ ऐसा ही हाल है रांची विश्वविद्यालय के विमेंस कॉलेज गुमला का। ये कॉलेज पूरी तरह से जुगाड़ के भरोसे चल रहा है। लेकिन ये जुगाड़ केवल कुछ ही विषय के लिए है, बाकी विषय में कॉलेज के पास कोई जुगाड़ नहीं है, इनके विद्यार्थियों की पढ़ाई भगवान भरोसे है।

इस कॉलेज में 10 से 12 विषयों की पढ़ाई होती है लेकिन इन विषयों को पढ़ाने के लिए यहां भी शिक्षक नियुक्त नहीं है। वहीं इसमें कुछ विषयों की पढ़ाई के लिए केवल तीन दिन केओ कॉलेज गुमला से शिक्षक आते हैं। बाकी तीन दिन कक्षाएं नहीं चलती हैं।

एक कॉलेज, 10 विषय, शिक्षक एक भी नहीं

रांची विश्वविद्यालय का गुमला स्थित अंगीभूत कालेज के रूप में महिला कॉलेज का संचालन किया जा रहा है। यहां 2022 से स्नातक में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस कॉलेज में हिंदी, इंग्लिश, नागपुरी, संस्कृत, इतिहास, पोलिटिकल साइंस, इकोनामिक्स, ज्योग्राफी और कामर्स की पढ़ाई होती है।

इसके अलावा वोकेशनल कोर्स के रूप में बीसीए, आईटी और ऑफिस मैनेजमेंट की पढ़ाई होती है। लेकिन विडंबना ये है कि इनमें से किसी भी विषय के लिए शिक्षक नहीं है। वहीं सभी विषय मिलाकर कुल 500 विद्यार्थी वर्तमान में नामांकित हैं।

कॉलेज गुमला से होता है जुगाड़, तब चलती है क्लास

यहां कुछ विषयों की पढ़ाई होती है, लेकिन जुगाड़ से। विमेंस कॉलेज गुमला से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित केओ कॉलेज गुमला से इस कालेज में पढ़ाने के लिए तीन दिन शिक्षक आते हैं। इसमें ज्योग्राफी के लिए डॉ. आशुतोष कुमार झा, नागपुरी के लिए डॉ. देवेंद्र साहू, हिंदी के लिए प्रो. नीलम एक्का, इंग्लिश के लिए डॉ. जी अली केओ कॉलेज गुमला से यहां की छात्राओं को पढ़ाने के लिए आते हैं।

बाकी इतिहास, पोलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स, कॉमर्स और वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई भगवान भरोसे है। इसके लिए कोई शिक्षक यहां पढ़ाने नहीं आता है। वहीं विवि प्रशासन की ओर से इस संबंध में प्रयास किया जा रहा है जिससे शिक्षकों की कमी को दूर किया जा सके।

किसी तरह होती है पढ़ाई

इस कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या डॉ. कंचन कुमारी बताती है कि ये समस्या कोई एक दिन पुरानी नहीं है बल्कि 2022 में जब विद्यार्थियों ने नामांकन लिया था तभी से चल रही है। विवि को इसकी जानकारी है, लेकिन किसी शिक्षक को यहां नहीं भेजा गया। शिक्षक नहीं होने से किसी तरह यहां पढ़ाई होती है। कुछ विषयों में केओ कॉलेज गुमला से शिक्षक पढ़ाने आते हैं। 

यह भी पढ़ें- रांची विश्वविद्यालय में प्रोफेशनल कोर्स के साथ अनप्रोफेशनल रवैया, एमबीए-एमसीए छात्रों का भविष्य अधर में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।