रांची विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, भत्ता 83% बढ़ा; जीवन बीमा भी होगा
रांची विश्वविद्यालय ने खिलाड़ियों और कोच के भत्ते में 83% तक की वृद्धि की है, साथ ही सभी खिलाड़ियों का ...और पढ़ें

रांची विश्वविद्यालय की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रांची विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का भत्ता 83 प्रतिशत तक बढ़ाया गया।
इंटर कालेज प्रतियोगिता में अब खिलाड़ियों को 550 रुपये मिलेंगे।
रांची विश्वविद्यालय के सभी खिलाड़ियों का जीवन बीमा भी कराया जाएगा।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें इंटर कालेज प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 300 की जगह 550 रुपये भत्ता मिलेगा। वहीं कोच या मैनेजर को भी 400 की जगह 700 रुपये भत्ता दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों का भत्ता 83 प्रतिशत बढ़ जाएगा। इसके अलावा विवि के सभी खिलाड़ियों का जीवन बीमा भी करवाया जाएगा।
ये निर्णय मंगलवार को कुलपति डा. सरोज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित विवि के स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैठक में लिया गया। इसके अलावा कुलपति ने कहा कि रांची विवि खेल प्रतिभाओं का धनी है, हमारा दायित्व है कि हम नयी प्रतिभाओं को खोज कर इसे संवारने का काम करें। इसके अलावा बैठक में कई निर्णय लिए गए।
बैठक में ध्यानचंद अवार्डी सुमराय टेटे, विवि के कुलसचिव डॉ. आरके शर्मा, डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू, अंतरराष्ट्रीय वालीबाल कोच राजेश कुमार सिंह, डीएसओ शिवेंद्र कुमार, अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच विनोद सिंह, चंचल भट्टाचार्य सहित अन्य मौजूद थे।
खिलाड़ियों और कोच का भत्ता बढ़ा, होगा बीमा
रांची विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के भत्ते में बढ़ोत्तरी की गयी है। अगर खिलाड़ी इंटर कालेज टूर्नामेंट में खेलने जाता है तो उसे 550 रुपये भत्ता दिया जाएगा, ये पहले 300 रुपये था। वहीं कोच या मैनेजर को 700 रुपये भत्ता दिया जाएगा। ये पहले 400 रुपये ही था। वहीं खिलाड़ी अगर आल इंडिया यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट खेलने जाता है तो अब उसे 850 रुपये भत्ता दिया जाएगा। ये पहले 550 रुपये होगा।
वहीं कोच या मैनेजर को 800 रुपये दिया जाएगा जो पहले 600 रुपये मिलता था। ये बढ़ा हुआ भत्ते का जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा और इसका लाभ खिलाड़ियों को मिलने लगेगा। इसके अलावा रांची विवि के अंतर्गत आने वाले सभी खिलाड़ियों का जीवन बीमा कराया जाएगा। इसके लिए डीएसओ शिवेंद्र कुमार से बात की जाएगी और राज्य सरकार के तर्ज पर खिलाड़ियों का बीमा होगा। वहीं कबड्डी और खो-खो खेल के लिए विवि मैट की खरीदारी करेगा।
रांची विवि पहले से ही खेल प्रतिभाओं का धनी
कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने कहा कि रांची विवि पहले से ही खेल प्रतिभाओं का धनी रहा है। सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, जूनियर हाकी चैंपियनशिप में रांची विवि की पार्वती कुमारी व वीनिमा धान ने विवि का नाम रौशन किया है।
वहीं इसके बाद विवि के खेल एवं फिजिकल एजुकेशन के निदेशक डा. बीरेंद्र कुल्लू ने वर्ष 2025-26 का खेल रिपोर्ट प्रस्तुत किया और विवि के खेल उपलब्धियों के बारे में बताया।
कैलेंडर किया गया जारी, बनायी गयी सलेक्शन कमेटी
बैठक में 2026-27 के लिए इंटर कॉलेज में विभिन्न खेलों के सलेक्शन कमिटी की सूची जारी की गयी। इसके अलावा ईस्ट जोन और आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी, इंटर खेल टूर्नामेंट ट्रायल एंव सलेक्शन के लिए संभावित बजट पर भी चर्चा की गयी। वहीं 2026-27 का खेल कैलेंडर भी जारी किया गया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए दो से तीन सप्ताह का कैंप आयोजित किया जाए।
