रांची के इन 9 इलाकों में बनेंगे नए सार्वजनिक शौचालय, नगर निगम खर्च करेगा 2.53 करोड़ रुपये
रांची नगर निगम शहर में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा बढ़ाने के लिए वार्ड 49, 41 और 50 में नौ नए ...और पढ़ें

रांची नगर निगम की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रांची में नौ नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होगा।
वार्ड 49, 41 और 50 में तीन-तीन शौचालय बनेंगे।
जागरण संवाददाता, रांची। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा बढ़ाने के लिए रांची नगर निगम ने नौ नए शौचालयों के निर्माण की योजना तैयार की है। इसके तहत वार्ड 49, 41 और 50 में तीन-तीन स्थानों पर नौ सीटर सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे।
प्रत्येक शौचालय के निर्माण पर करीब 28.11 लाख रुपये खर्च होंगे। इस तरह सभी नौ शौचालयों के निर्माण पर लगभग 2.53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के अभियंत्रण शाखा की ओर से इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है। योजना के तहत वार्ड 49 में हिंदुस्तान चौक स्थित अटल क्लिनिक, तेंगरा टोल सामुदायिक भवन और गौस नगर सरना स्थल के पास शौचालय का निर्माण होगा।
वहीं, वार्ड 41 में राजेंद्र भवन छठ घाट, सेक्टर-दो बाजार और इचि बगान में शौचालय बनाए जाएंगे। वार्ड 50 में सोलंकी चौक, लटमा मैदान और हुंडर हरिजन मोहल्ला में निर्माण प्रस्तावित है। प्रत्येक शौचालय के निर्माण की अनुमानित लागत 28,11,509 रुपये निर्धारित की गई है। निविदा में 56,500 रुपये अग्रधन राशि और 11,800 रुपये निविदा दस्तावेज का शुल्क रखा गया है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए चयनित संवेदक को 90 दिनों का समय मिलेगा।
निविदा के अनुसार, छह नवंबर से आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक संवेदक 21 नवंबर को शाम पांच बजे तक निविदा जमा कर सकेंगे। वहीं, 23 नवंबर को शाम पांच बजे निविदा खोली जाएगी।
यह भी पढ़ें- रांची में 180 परिवारों को मिलेगा अपना पक्का घर, हातमा पहाड़ और मधुकम में बनेंगे 5 बहुमंजिला ब्लॉक