विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिश्ते की आड़ में किशोरी को बुलाया, दुष्कर्म का विरोध करने पर कर दी हत्या; रांची में आरोपित गिरफ्तार

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:47 PM (IST)

मुरी ओपी क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म का विरोध करने पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने ...और पढ़ें

मुरी ओपी क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना।

मुरी ओपी क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना।

HighLights

  1. दुष्कर्म का विरोध करने पर 17 वर्षीय किशोरी की हत्या।

  2. रिश्तेदार भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो गिरफ्तार।

  3. आरोपी की निशानदेही पर मृतका का सामान बरामद।

जागरण संवाददाता, सिल्ली। मुरी ओपी क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास और विरोध करने पर उसकी हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 23 वर्षीय भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपित मारदू गांव का रहने वाला है।

किशोरी का शव 18 अक्टूबर की रात गांव के छापरगढ़ा जंगल की झाड़ियों से बरामद किया गया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल, चप्पल और कपड़े सहित कई सामान बरामद किए हैं।

पांच मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकली थी किशोरी

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को किशोरी दोपहर करीब दो बजे घर से यह कहकर निकली थी कि पांच मिनट में वापस लौट आएगी। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर किशोरी के पिता शाम करीब 7:30 बजे मुरी ओपी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई SIT

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी सिल्ली मनीष चंद्र लाल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई।

पुलिस टीम ने खोजबीन के दौरान रात करीब 9:35 बजे मारदू गांव के छापरगढ़ा जंगल की झाड़ियों से किशोरी का शव बरामद किया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए स्निफर डॉग टीम और एफएसएल मोबाइल वैन की मदद ली गई।

फोन कर बुलाया, विरोध करने पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपित और किशोरी एक-दूसरे के रिश्तेदार थे और पहले से परिचित थे। दोनों के बीच मुलाकात भी होती थी। बताया गया है कि घटना के दिन भी आरोपित ने फोन कर किशोरी को बुलाया था।

किशोरी अपने छोटे भाई के साथ वहां पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।

इस दौरान किशोरी के छोटे भाई पर भी पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपित को लगा कि किशोरी का भाई भी मर चुका है, इसलिए उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।

तकनीकी साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी, सामान बरामद

घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल, एक जोड़ी चप्पल और कपड़े बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपित का मोबाइल और कपड़ा भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया।

इस संबंध में सिल्ली-मुरी ओपी कांड संख्या 66/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पूरी कार्रवाई में डीएसपी सिल्ली मनीष चंद्र लाल, मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान, सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

यह भी पढ़ें- लोहरदगा में तीन मासूम बच्चियों को डरा-धमकार कई दिनों तक दुष्कर्म; आरोपित फहद गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- रांची में दुर्लभ सांप बरामद: हरियाणा का एक युवक अरेस्ट, दो फरार; विदेश में करोड़ों की कीमत