विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में दुर्लभ सांप बरामद: हरियाणा का एक युवक अरेस्ट, दो फरार; विदेश में करोड़ों की कीमत

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:34 PM (IST)

रांची के लालपुर में पुलिस ने हरियाणा के एक युवक के पास से दुर्लभ सांप बरामद किया। सांप को बिरसा ...और पढ़ें

लालपुर पुलिस ने एक से डेढ़ महीने के सांप को बिरसा मुंडा जू भेजा।

लालपुर पुलिस ने एक से डेढ़ महीने के सांप को बिरसा मुंडा जू भेजा।

HighLights

  1. रांची के लालपुर में दुर्लभ रेड सैंड बोआ मिला।

  2. हरियाणा के युवक से बरामद, दो संदिग्ध फरार।

  3. सांप बिरसा मुंडा जू भेजा, तस्करी की जांच।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप मिलने से हलचल मच गई। पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत निवासी एक युवक को सांप के साथ पकड़ा है। युवक की पहचान टीलू के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

पुलिस और वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। सांप को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद बिरसा मुंडा जैविक उद्यान ओरमांझी भेज दिया गया है। वहीं जानकारी के अनुसार, लालपुर पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन लोगों को रोका था। इनमें से दो लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।

वहीं, एक युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके झोले से रेड सैंड बोआ सांप बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत का दावा

रेड सैंड बोआ सांप को लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये की कीमत होने के दावे किए जाते हैं। हालांकि, रांची के डीएफओ श्रीकांत वर्मा के मुताबिक, इस तरह के दावों की कोई प्रमाणित पुष्टि नहीं है।

इसलिए बरामद सांप की वास्तविक कीमत का आकलन करना संभव नहीं है। दुर्लभ प्रजाति होने के कारण इसके संभावित अवैध व्यापार को लेकर भी जांच की जा रही है।

एक से डेढ़ महीने का बताया जा रहा सांप

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद रेड सैंड बोआ सांप की उम्र करीब एक से डेढ़ महीने बताई जा रही है। यह सांप दुर्लभ प्रजातियों में शामिल है। इसके मिलने के बाद वन विभाग ने इसकी देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था की है। सांप को फिलहाल बिरसा मुंडा जू, ओरमांझी में रखा गया है।

दो फरार लोगों की तलाश, सांप के स्रोत की जांच

पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने सांप को अपने दोस्त का बताया है। हालांकि, सांप उसके पास कैसे पहुंचा और उसे रांची लाने के पीछे क्या उद्देश्य था, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस और वन विभाग यह भी जांच कर रहे हैं कि कहीं मामला वन्यजीव तस्करी से तो जुड़ा नहीं है।

फरार दोनों लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सांप को रांची लाने के उद्देश्य और पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। बता दें इसी माह रांची स्टेशन से भी दुर्लभ प्रजाति का सांप जब्त किया गया था।