लोहरदगा में तीन मासूम बच्चियों को डरा-धमकार कई दिनों तक दुष्कर्म; आरोपित फहद गिरफ्तार
लोहरदगा के सेन्हा में तीन मासूम सहेलियों के साथ यौन शोषण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ...और पढ़ें

सेन्हा थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू किया जांच।
HighLights
सेन्हा में तीन मासूम सहेलियों से यौन शोषण का मामला।
आरोपित फहद अंसारी गिरफ्तार, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच और न्याय प्रक्रिया जारी।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा)। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही गांव की तीन मासूम सहेलियों के साथ सामूहिक रूप से यौन शोषण और दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। इस हैवानियत की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेन्हा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 112/26 के तहत पोक्सो एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िताओं के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मंजूर अंसारी के पुत्र फहद अंसारी ने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया है।
आरोपित युवक अक्सर तीनों बच्चियों को अकेला पाकर उन्हें बिस्कुट, चॉकलेट और पैसों का लालच देता था। इसके बाद वह उन्हें बहला-फुसलाकर अपने एक पुराने और सूने पड़े मकान में ले जाता था, जहाँ वह मासूमों के साथ दुष्कर्म करता था।
जान से मारने की धमकी देकर कराया चुप
हैरानी और दुख की बात यह है कि आरोपित फहद अंसारी तीनों मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उन्हें लगातार डराता-धमकाता था।
उसने तीनों सहेलियों को सख्त हिदायत दी थी कि यदि इस बारे में घर में किसी को भी कुछ बताया, तो वह उन तीनों को जान से मार डालेगा। इसी खौफ के कारण मासूम बच्चियां कई दिनों तक खामोश रहीं और अंदर ही अंदर इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना को सहती रहीं।
बच्ची को दोबारा बुलाने पर खुली पोल
इस पूरे मामले का खुलासा रविवार को तब हुआ, जब आरोपित फहद अंसारी ने एक बार फिर पीड़िता को अपने पुराने घर बुलाने की कोशिश की। आरोपित के लगातार बढ़ते हौसलों और डर से घबराकर पीड़ित बच्चियों में से एक ने हिम्मत जुटाई और रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती सुना दी। उसने बताया कि आरोपित न सिर्फ उसके साथ, बल्कि उसकी दो अन्य सहेलियों के साथ भी लंबे समय से गलत काम कर रहा है।
जैसे ही पीड़िता की माँ और परिजनों को इस दरिंदगी का पता चला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद परिजन तुरंत एकजुट होकर ग्रामीणों के साथ सेन्हा थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज की। सेन्हा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है।
साथ ही, पीड़िताओं की मेडिकल जाँच और न्यायालय में उनके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। थानेदार ने परिजनों और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने तथा कानून पर भरोसा रखने की अपील की है।
आरोपित गिरफ्तार, पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाएगी पुलिस: एसपी
मामले की गंभीरता पर लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि पुलिस इस मामले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी सजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
