रांची स्टेशन पर खत्म होगा इंतजार! दिसंबर में खुलेगा साउथ गेट; प्लेटफॉर्म छह से चलेंगी ट्रेनें
रांची रेलवे स्टेशन का साउथ गेट दिसंबर अंत तक यात्रियों के लिए खुलेगा, जहां से प्लेटफॉर्म छह पर ट्रेनों का ...और पढ़ें

HighLights
दिसंबर अंत तक रांची स्टेशन का साउथ गेट खुलेगा।
प्लेटफॉर्म छह से ट्रेनों का परिचालन जल्द शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची रेलवे स्टेशन का साउथ गेट दिसंबर माह के अंत तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके बाद इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। शुरुआत में प्लेटफॉर्म छह से ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा।
वर्तमान में प्लेटफॉर्म छह का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेड निर्माण का काम भी 80 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। प्लेटफॉर्म छह का काम पूरा होते ही यहां से ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद नार्थ गेट की ओर काम शुरू होगा। दिसंबर के अंत तक स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े शेष कार्य भी पूरे किए जाएंगे।
यह जानकारी रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने रांची रेलवे स्टेशन के साउथ गेट का निरीक्षण करने के दौरान दी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया।
रोजाना 1600 टिकट की हो रही बिक्री
डीआरएम ने साउथ गेट के प्रवेश द्वार पर लगे ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यहां लगे चार एटीवीएम से रोजाना करीब 1600 टिकटों की बिक्री हो रही है। टिकट बिक्री में प्रतिदिन करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए एक टिकट काउंटर भी चालू किया गया है।

दिसंबर के अंत तक प्लेटफार्म छह से जुड़ेगा फुट ओवरब्रिज
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अधिकारियों से प्लेटफॉर्म चार और पांच को प्लेटफार्म छह से जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज के निर्माण की समय सीमा पूछी। अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर के अंत तक इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसे प्लेटफॉर्म नंबर एक से भी जोड़ दिया जाएगा। इससे यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
अधूरे काम पर डीआरएम ने जताई नाराजगी
स्टेशन पुनर्विकास कार्य में लगी एजेंसी के कर्मियों की धीमी प्रगति पर डीआरएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि साउथ गेट से भविष्य में रोजाना 30 हजार से अधिक यात्रियों के आवागमन का अनुमान है। ऐसे में अधूरे निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। एग्जिट गेट भी खोला जाना है।
इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने एजेंसी के कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि काम को अनावश्यक रूप से लंबा न खींचें और इसे पंचवर्षीय योजना की तरह नहीं, बल्कि तय समय सीमा में पूरा करें।
नॉर्थ गेट पर तीन टिकट काउंटर और एटीवीएम की सुविधा
नॉर्थ गेट पर यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर के निकट तीन टिकट काउंटर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) भी लगाई जाएगी। इससे यात्रियों को प्रवेश द्वार के पास ही टिकट उपलब्ध हो सकेंगे और उन्हें टिकट लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

नॉर्थ गेट तक पहुंचने वाली सड़कें होंगी 22 मीटर चौड़ी
रांची रेलवे स्टेशन के नॉर्थ गेट तक पहुंचने के लिए सड़क की चौड़ाई 14 मीटर से बढ़ाकर 22 मीटर की जाएगी। होटल बीएनआर से शेरशाह स्टेडियम होते हुए आरआरबी तक सड़क 22 मीटर चौड़ी होगी। इसके समानांतर एक दूसरी 22 मीटर चौड़ी सड़क भी बनाई जाएगी, जो आयल डिपो के निकट रोड ओवरब्रिज से जुड़ेगी।
इन दोनों सड़कों को आपस में जोड़ने के लिए रेलवे स्टेशन के सामने की सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। यहां 14 मीटर चौड़ी सड़क के साथ समानांतर दो अन्य सड़कें भी बनाई जाएंगी, जिनकी चौड़ाई 15-15 मीटर होगी। इससे सिरमटोली से रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में महज दो मिनट का समय लगेगा।
मार्च तक नॉर्थ और साउथ गेट को जोड़ने वाला रोड ओवरब्रिज होगा तैयार
रांची रेलवे स्टेशन के नॉर्थ और साउथ गेट को आपस में जोड़ने के लिए मार्च तक रोड ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके तैयार होने से दोनों गेट के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। यात्रियों को स्टेशन के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने में सहूलियत होगी। साथ ही स्टेशन के आसपास आवागमन भी सुगम होगा।
अवैध दुकानदारों को तत्काल हटाने का निर्देश
नॉर्थ गेट के आसपास किए गए अतिक्रमण पर भी डीआरएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने रेलवे स्टेशन के आसपास अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को तत्काल हटाने और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
दो महीने में तैयार होगा होल्डिंग एरिया
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। डीआरएम ने अधिकारियों को दो महीने के भीतर इसका निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।
इस होल्डिंग एरिया में एक साथ करीब दो हजार यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। इससे ट्रेन के प्रस्थान से पहले प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होगी। इस मौके पर रांची रेल मंडल के कई अधिकारी मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।