विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

26 साल में बदल गई रांची की खेल पहचान, मैदान से इंटरनेशनल स्टेडियम तक का सफर; अब ओलिंपिक होस्ट सिटी बनने का सपना

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:25 AM (IST)

रांची ने पिछले 26 वर्षों में खेल के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, जहां कभी मैदान नहीं थे, आज ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. 26 वर्षों में रांची में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में क्रांतिकारी बदलाव आया।

  2. धोनी की सफलता ने रांची को खेल पहचान दिलाई, स्टेडियम बने।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची में खेल को लेकर पिछले 26 वर्षों में जो बदलाव आया है, वह किसी क्रांति से कम नहीं है। 2000 में जहां खिलाड़ियों के पास खेलने के लिए एक ढंग का मैदान तक नहीं था, वहीं आज रांची के पास इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, 235 एकड़ का मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ओलिंपिक तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों की पूरी फौज है। अब सरकार का लक्ष्य अगले 26 वर्षों में रांची को भारत की खेल राजधानी बनाना है।

राज्य बना तब रांची में नहीं था कोई इंफ्रास्ट्रक्चर, धौनी ने बदल दी तस्वीर

15 नवंबर 2000 को जब झारखंड अलग राज्य बना, तब रांची में खेल का कोई ढांचा नहीं था। खिलाड़ी मेकन मैदान, मोहराबादी मैदान और स्कूल के ग्राउंड में खेलते थे। बड़ा मैच देखने के लिए जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम जाना पड़ता था। डीएवी जवाहर विद्या मंदिर, मेकन के छात्र महेंद्र सिंह धौनी ने 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जिताया।

इसके बाद रांची की पहचान ही बदल गई। लोग रांची को धौनी के शहर के नाम से जानने लगे। धोनी की सफलता के बाद ही जेएससीए को अपना स्टेडियम बनाने की प्रेरणा मिली।

इसके बाद खेलगांव ने दी रांची को नई पहचान

34वें राष्ट्रीय खेलों के लिए होटवार में 650 करोड़ रुपये की लागत से मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बना। 235 एकड़ में 9 इंटरनेशनल स्टेडियम एक ही जगह बने। इसमें बिरसा मुंडा स्टेडियम, शहीद टिकैत उरांव शूटिंग स्टेडियम, तीरंदाजी, तैराकी, फुटबॉल और हॉकी स्टेडियम शामिल हैं।

हालांकि हॉकी स्टेडियम मोरहाबादी में स्थित है और यहां अब ग्रीन की जगह ब्लू एस्ट्रोटर्फ लगाया गया है जो इंटरनेशनल मानक का है। वहीं बरियातू स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में भी एक एस्ट्रोटर्फ हाकी ग्राउंड का निर्माण किया गया है। जहां राष्ट्रीय स्तर के मैच के आयोजन भी होते रहे हैं।

जेएससीए स्टेडियम में 2013 में हुआ पहला इंटरनेशनल मैच

धुर्वा में 35 एकड़ में बने जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 19 जनवरी 2013 को भारत-इंग्लैंड के बीच पहला वनडे खेला गया। 2017 में यहां पहला टेस्ट मैच भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ। 2024 में भारत-इंग्लैंड टेस्ट और 2026 में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 भी यहां खेला गया।

वहीं 2026 में क्रिकेट से आगे निकला रांची

अब रांची सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है। हाकी में सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, संगीता कुमारी ओलिंपिक तक पहुंची। वहीं तीरंदाजी में दीपिका कुमारी ने भी ओलिंपिक में जाकर रांची का नाम विश्व पटल तक पहुंचाया।

वहीं रांची के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में दो बड़े इंटरनेशनल मैच का आयोजन किया गया। इसके साथ ही एथलेटिक्स में भी जूनियर एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन भी हुआ। इसके अलावा फुटबाल के इंटरनेशनल डूरंड कप की मेजबानी भी रांची ने की।

अगले 26 साल में खेल विवि से लेकर ओलिंपिक होस्ट सिटी बनने का लक्ष्य

आने वाले 26 साल में खेल को लेकर रांची में कई बदलाव हो सकते हैं। इसमें सबसे पहले होटवार में झारखंड खेल विश्वविद्यालय का निर्माण होगा। जिसे जेएसएसपीएस और राज्य सरकार मिलकर चलायेंगे। इसे राजगीर माडल पर विकसित किया जाएगा।

वहीं खेलगांव में कक्षा 6 से 12वीं तक रेजिडेंशियल स्पोर्ट्स स्कूल खुलेगा। पढ़ाई, खेल और डाइट एक ही जगह मिलेगी। वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना के तहत हर पंचायत में मैदान बनेगा। गांव से ही टैलेंट चुना जाएगा। हर बड़े स्टेडियम में स्पोर्ट्स साइंस लैब, एआई वीडियो एनालिसिस, बायोमैकेनिक्स और न्यूट्रिशन की सुविधा होगी।

सरकार का लक्ष्य है कि हर ओलिंपिक में रांची से 10 से 15 खिलाड़ी जाएं। 2036 में अगर ओलंपिक भारत में हुआ तो रांची होस्ट सिटी हो सकती है। पिछले 26 साल में रांची ने मैदान बनाए, अगले 26 साल में रांची खिलाड़ी बनाएगी। 2000 में रांची के पास मैदान नहीं था, 2026 में स्टेडियम है और 2052 में रांची के पास ओलंपिक मेडलिस्ट की पूरी फौज होगी। 

यह भी पढ़ें- दक्षिण भारत से झारखंड-बिहार लौटना होगा आसान, रांची समेत इन स्टेशनों से गुजरेगी छठ स्पेशल ट्रेन

यह भी पढ़ें- अब जंगल में ही मिलेगा हाथियों को खाना-पानी, मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए झारखंड में बनेगा सुरक्षित कॉरिडोर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।