रांची के रायफल ट्रेनिंग सेंटर में चेंजिंग रूम में मोबाइल मिलने से हंगामा, रिकॉर्डिंग के आरोप की जांच शुरू
रांची के एक रायफल ट्रेनिंग सेंटर में चेंजिंग रूम में मोबाइल से रिकॉर्डिंग के आरोप पर हंगामा हुआ। छात्राओं और ...और पढ़ें

एआई जेनरेटड इमेज।
जागरण संवाददाता, रांची। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक रायफल ट्रेनिंग सेंटर में चेंजिंग रूम में मोबाइल रखकर रिकार्डिंग किए जाने के आरोप को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाली एक छात्रा के अभिभावक के पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते सेंटर के बाहर दर्जनों लोग जुट गए और मामले की जांच की मांग करने लगे।
छात्रा के अभिभावक के अनुसार, उनकी बेटी ने फोन कर उन्हें सेंटर आने के लिए कहा था। वह सेंटर पहुंचे तो बेटी ने बताया कि वह बाथरूम जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एक अन्य युवती ने उसे बताया कि बाथरूम में मोबाइल रखा हुआ है और उससे रिकार्डिंग की जा रही है। इसके बाद छात्राओं ने इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी।
मोबाइल मिलने की बात सामने आने के बाद सेंटर में मौजूद छात्राओं और अभिभावकों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि चेंजिंग रूम और बाथरूम जैसी जगह पर मोबाइल रखे जाने की बात गंभीर है। मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए लोगों ने सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की। हालांकि, हंगामे के दौरान सेंटर प्रबंधन की ओर से लोगों को सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाई गई।
सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि सेंटर के मालिक चतरा में रहते हैं। उनके रांची पहुंचने के बाद ही मामले में आगे कुछ निर्णय लिया जा सकेगा। इस जवाब के बाद भी काफी देर तक सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
