'चावल के आटे' का लालच और जंगल का खौफ: चटकपुर में तीन गिरफ्तार, तमाड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित भी दबोचा
रांची में दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। चटकपुर में युवती से दुष्कर्म और मारपीट ...और पढ़ें

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपितों को दबोचा।
जागरण संवाददाता, रांची। रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में युवती के साथ हुई दुष्कर्म और मारपीट की घटना में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो युवक और एक किशोर शामिल हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों की पहचान की।
मामले में घटनास्थल पर पहुंचने से पहले युवती का पीछा करते एक युवक का वीडियो पुलिस के हाथ लगा था। इसी वीडियो ने पुलिस को आरोपितों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को चटकपुर में युवती के साथ घटना हुई थी।
पीड़िता के आवेदन पर आठ नवंबर को रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी मुख्यालय द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को एक किशोर का वीडियो मिला, जिसमें वह घटना से पहले पीड़िता का पीछा करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक को चिह्नित किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ में किशोर ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने दो दोस्तों पंकज लोहरा तथा अंशु राणा के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पंकज लोहरा (22) लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के सिजों गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह पंडरा में रहता था।
वहीं अंशु राणा (19) चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के खदहिया गांव का निवासी है और वर्तमान में रातू के नवासोसो में रह रहा था। तीसरा आरोपित किशोर है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों ने भी पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपितों के कपड़े और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
चावल का आटा लाने के बहाने नाबालिग को जंगल ले गया, दुष्कर्म का आरोपित अरेस्ट
तमाड़ थाना क्षेत्र के तामराना गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गांव के ही लखविन्द्र मुंडा को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने बच्ची को मिठाई बनाने के लिए चावल का आटा लाने के बहाने मील भेजने की बात कही और उसे सुनसान जंगल में ले गया।
वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, नौ नवंबर को शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि तामराना गांव के जंगल में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है।
इसके बाद पीड़िता की मां ने तमाड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में बुंडू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया।
पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही लखविन्द्र मुंडा की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह बच्ची को पहले से जानता और पहचानता था।
घटना के दिन उसने बच्ची को मिठाई बनाने के लिए चावल का आटा लाने की बात कहकर अपने साथ लिया। मील ले जाने के बजाय वह उसे सुनसान जंगल में ले गया और वहां जबरन दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें- झारखंड में कांग्रेस विधायक पर नाबालिग से दुष्कर्म और प्रताड़ना का गंभीर आरोप, भाजपा ने किया थाने का घेराव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।