रामनवमी पर राममय रांची: गदा लिए दिखे हेमंत, पत्नी कल्पना संग तपोवन में की पूजा; SSP-SP ने सड़कों पर संभाला मोर्चा
रांची में रामनवमी के अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ...और पढ़ें

रामनवमी पर राजधानी रांची में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम। (फोटो: संजय सुमन)
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तपोवन मंदिर में पूजा की।
रांची में भव्य रामनवमी शोभायात्राएं निकाली गईं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से निगरानी की जा रही।
राज्य ब्यूरो, रांची। रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने निवारणपुर स्थित ऐतिहासिक तपोवन राम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने यहां भगवान राम, माता जानकी और हनुमान जी के चरणों में मत्था टेककर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की मंगल कामना की। राज्यभर में अखाड़ों की धूम है। तस्वीरों में मुख्यमंत्री भी तलवार और गदा लिए दिखे।

तपोवन मंदिर में सीएम का भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के मंदिर आगमन पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विधिवत आरती में भाग लिया और मंदिर परिसर में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी इस अवसर पर महिला श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सत्य, न्याय और मर्यादित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

(तपोवन मंदिर में पूजा करने पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, साथ में पत्नी कल्पना सोरेन।)
राजधानी में शोभायात्राओं का सैलाब
रांची की रामनवमी अपनी भव्यता और विशाल महावीरी झंडों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। दोपहर के बाद से ही शहर के विभिन्न अखाड़ों से शोभायात्राएं निकलनी शुरू हो गई हैं।
- अखाड़ों का मिलन: कोकर, लालपुर, हिंदपीढ़ी और डोरंडा जैसे इलाकों से निकलने वाली छोटी-बड़ी शोभायात्राएं अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्रित हो रही हैं।
- पारंपरिक कौशल: शोभायात्रा में शामिल युवा लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखा रहे हैं।
- गूंजते जयकारे: पूरा शहर 'जय श्री राम' के उद्घोष और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से भक्तिमय हो गया है।
सिटी व ट्रैफिक एसपी ने घूम घूमकर संभाला मोर्चा
उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। पूरे शहर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शुक्रवार की दोपहर से ही सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी।
सिटी कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं और जुलूसों पर लगातार नजर रखी जा रही थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।मुख्य मार्गों पर वरीय अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। मेन रोड क्षेत्र में एसएसपी राकेश रंजन खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए।
यह भी पढ़ें- केसरिया का विराट रामायण मंदिर दूर है तो क्या, झारखंड के इन 10 भव्य मंदिरों में करें प्रभु श्रीराम का दर्शन
यह भी पढ़ें- झारखंड में रामनवमी पर सुरक्षा का 'चक्रव्यूह': 10,000 से ज्यादा जवान तैनात, ड्रोन और साइबर टीम रखेगी नजर
यह भी पढ़ें- हिंदू देवी देवता और पर्व त्योहार का अपमान कर रहे सीएम, आदित्य साहू का आरोप- राहुल गांधी की राह पर चल रहे हेमंत
