विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची से यूपी-बिहार के लिए चलेंगी 3 नई पूजा स्पेशल ट्रेनें! गोरखपुर-बनारस के लिए भी स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:18 PM (IST)

रांची रेल मंडल दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के लिए तीन नई पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है।

दीपावली-छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रांची से चलेंगी तीन और स्पेशल ट्रेनें

दीपावली-छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रांची से चलेंगी तीन और स्पेशल ट्रेनें

HighLights

  1. रांची से गोरखपुर, बनारस, जयनगर के लिए नई ट्रेनें प्रस्तावित।

  2. पांच नियमित ट्रेनों में 16 अतिरिक्त कोच जोड़े गए।

  3. रांची-हटिया स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा के विशेष इंतजाम।

जागरण संवाददाता, रांची। दीपावली और छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम करने के लिए रांची से तीन और पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है।

ये ट्रेनें गोरखपुर, बनारस और जयनगर के लिए प्रस्तावित हैं। त्योहारों के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में प्रतिदिन 20 से 25 हजार तक अतिरिक्त यात्रियों की आवाजाही की चुनौती रहती है। इसे देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच, स्टेशन पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की है।

रांची रेल मंडल प्रबंधक करुणानिधि सिंह के अनुसार तीन अतिरिक्त पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। फिलहाल सात त्योहार विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

तीन और ट्रेनों को मंजूरी मिलने पर इनकी संख्या दस हो सकती है। प्रस्तावित ट्रेनों के परिचालन की तिथि और समय-सारिणी की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।

पांच नियमित ट्रेनों में बढ़ाए गए 16 कोच:

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने पांच नियमित ट्रेन सेवाओं में कुल 16 अतिरिक्त कोच उपलब्ध कराए हैं। इससे यात्रियों को अधिक सीटें मिल सकेंगी।

ये पहले से की गई स्थायी बढ़ोतरी हैं। त्योहारों के दौरान जरूरत पड़ने पर अन्य ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था रखी गई है।

इन ट्रेनों में बढ़ाए गए कोच:

  • रांची-गोड्डा एक्सप्रेस (18603/18604) : चार अतिरिक्त कोच।
  • रांची-गोड्डा एक्सप्रेस (18619/18620) : दो अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच।
  • रांची-चोपन एक्सप्रेस : चार अतिरिक्त कोच।
  • रांची-आरा एक्सप्रेस : पांच अतिरिक्त कोच।
  • रांची-सासाराम एक्सप्रेस : एक अतिरिक्त वातानुकूलित चेयर कार।

रांची और हटिया स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के इंतजाम:

त्योहारों के दौरान रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की गई है। भीड़ बढ़ने पर यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश कराया जाएगा।

आरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए चौबीस घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष की भी व्यवस्था की गई है।

टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने की तैयारी:

अनारक्षित टिकट लेने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और मोबाइल टिकट प्रणाली का उपयोग करने की योजना है। इससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म और आरक्षण की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

प्रस्तावित स्पेशल ट्रेनों की घोषणा होने के बाद यात्री रेलवे की आधिकारिक आरक्षण प्रणाली से टिकट बुक करा सकेंगे।

यह भी पढ़ें- बंगाल से राजस्थान के बीच नई ट्रेन की शुरुआत, 4 राज्यों के 27 स्टेशनों पर होगा ठहराव; चेक करें शेड्यूल 

यह भी पढ़ें- टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू होगी सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस, रेलमंत्री सोमवार को दिखाएंगे हरी झंडी