टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू होगी सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस, रेलमंत्री सोमवार को दिखाएंगे हरी झंडी
शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सांतरागाछी से जयपुर (खातीपुरा) तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हो रही है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे, जिसमें टाटानगर स्टेशन पर सांसद बिद्युत बरण महतो मौजूद रहेंगे।
HighLights
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिखाएंगे हरी झंडी।
टाटानगर स्टेशन पर सांसद बिद्युत बरण महतो रहेंगे मौजूद।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है।
सांतरागाछी से जयपुर (खातीपुरा) तक चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रायल रन एक्सप्रेस ट्रेन को सोमवार दोपहर दो बजे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस उद्घाटन समारोह के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन पर स्थानीय सांसद बिद्युत बरण महतो विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह 18061 साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को दोपहर सवा दो बजे सांतरागाछी से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इसके बाद यह ट्रेन शाम पांच बजकर 50 मिनट पर टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।
आधुनिक एलएचबी कोचों से लैस इस 16-कोच वाली ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल किए गए हैं। इसके लिए आधुनिक एलएचबी रैक एक दिन पहले ही टाटानगर पहुंच चुका है।
इस उद्घाटन और ट्रायल रन के अवसर पर एक विशेष पहल के तहत रेलवे स्कूल के 50 बच्चे टाटानगर से चांडिल तक का सफर तय करेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम के लिए दो विशेष रैकों की व्यवस्था की गई है, जिसमें से पहली रैक को सांतरागाछी से और दूसरी रैक को टाटानगर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई जाएगी।
चक्रधरपुर रेल मंडल की ओर से इस भव्य कार्यक्रम के लिए क्षेत्र के सभी स्थानीय विधायकों और राज्यसभा सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। रविवार शाम को रेल एसपी ने स्टेशन परिसर का औचक निरीक्षण किया।
सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
