रांची में फायरिंग का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दबोचा, बंदूक को देखकर पुलिस ने पकड़ा माथा
रांची के सरना टोली में एक व्यक्ति ने पटाखा फोड़ने वाली बंदूक से धमाका कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित हथियार को जब्त कर लिया है।
-1795280794564_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रांची में पटाखा फोड़ने वाली बंदूक का वीडियो वायरल।
पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति को पकड़ा।
सदर थाना पुलिस ने पटाखा बंदूक को जब्त किया।
जागरण संवाददाता, रांची। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरना टोली इलाके में शुक्रवार को एक व्यक्ति द्वारा पटाखा फोड़ने वाली बंदूक (फायरक्रैकर गन) से धमाका कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है।
वीडियो के तेजी से प्रसारित होने और स्थानीय स्तर पर चर्चा में आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले पर संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित हथियार को जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सरना टोली में एक व्यक्ति ने बंदूकनुमा उपकरण से पटाखा फोड़ा, जिसकी तेज आवाज और अंदाज किसी असली हथियार से फायरिंग जैसा प्रतीत हो रहा था।
इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
सार्वजनिक स्थान पर इस तरह के प्रदर्शन और तेज आवाज से आसपास के लोगों में दहशत और भ्रम की स्थिति पैदा होने की आशंका को देखते हुए पुलिस सक्रिय हुई।
मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान कर पूछताछ की। पुलिस ने मौके से पटाखा फोड़ने में इस्तेमाल की गई उस बंदूकनुमा डिवाइस को जब्त कर लिया है।