रांची: BIT मेसरा के होंबई में 70 डिसमिल जमीन पर कब्जे का प्रयास, रंगदारी और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज
रांची के होंबई मौजा में 70 डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जे और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
होंबई मौजा में 70 डिसमिल जमीन पर कब्जे का प्रयास।
मजदूरों से मारपीट कर काम रुकवाया, रंगदारी की मांग।
सुनीता सिंह ने बीआईटी मेसरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, रांची। सदर थाना क्षेत्र के बीआईटी मेसरा ओपी अंतर्गत होंबई मौजा में 70 डिसमिल जमीन पर कब्जे की नीयत से हंगामा, मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रानी बगान, बरियातू निवासी सुनीता सिंह ने बीआइटी मेसरा ओपी में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में जमीन पर जबरन कब्जे का प्रयास करने और मजदूरों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सुनीता सिंह, नमिता सिंह, प्रमिला सहाय, मालती सिंह समेत 10 लोगों ने वर्ष 2009 से 2011 के बीच वैध केवाला के माध्यम से 70 डिसमिल जमीन खरीदी थी। उनके अनुसार जमीन का दाखिल-खारिज कांके अंचल कार्यालय से हो चुका है और नियमित रूप से जमीन की रसीद भी कट रही है।
घेराबंदी शुरू होते ही पहुंचने का आरोप
सुनीता सिंह का आरोप है कि जब भी रैयत जमीन पर बाउंड्रीवॉल या बांस-तार से घेराबंदी कराने का काम शुरू कराते हैं, हथियार से लैस कुछ लोग वहां पहुंचकर काम रुकवा देते हैं। आरोप है कि मजदूरों के साथ मारपीट कर उन्हें भगा दिया जाता है। साथ ही प्रति डिसमिल दो लाख रुपये के हिसाब से रंगदारी की मांग की जाती है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मई और अगस्त 2026 में भी जमीन की घेराबंदी का प्रयास किया गया था। उस दौरान घेराबंदी को क्षतिग्रस्त करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
